खबर शहर , Agra News: प्लॉट का सौदा कर अधिवक्ता से मांगी 3.5 करोड़ की चौथ – INA

आगरा। प्लॉट की नापजोख पर हुए विवाद में एक अधिवक्ता से फोन पर 3.5 करोड़ रुपये की चौथ मांगी गई। अधिवक्ता ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की, तब आरोपी के खिलाफ न्यू आगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


लॉयर्स कॉलोनी निवासी अधिवक्ता प्रवीन शर्मा ने शिकायत में बताया है कि उनके पिता ने वर्ष 1980 में एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट के बारे में सोसाइटी से विवाद चल रहा है। न्यायालय में भी वाद लंबित है। अजय अग्रवाल ने तीन लोगों के माध्यम से प्लॉट खरीदने के लिए बातचीत की। प्लॉट के क्षेत्रफल पर मतभेद होने पर उन्होंने मौके पर ही 5-10 गज की कमी स्वीकार की।

आरोप है कि 6 अक्तूबर की सुबह उन्होंने अजय अग्रवाल को फोन किया। बातचीत में प्लॉट की नापजोख का मुद्दा उठने पर वह भड़क गया। लॉयर्स कॉलोनी में रहना भुला देने की धमकी दी। प्लॉट किसी अन्य व्यक्ति को बेचने पर भी धमकाते हुए 3.5 करोड़ रुपये की चौथ मांगी। उन्होंने पुलिस को फोन रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की भी बात कही। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

—–


Credit By Amar Ujala

Back to top button