UP News: बरेली में सरेराह गुंडागर्दी, युवक को लाठी-डंडे से पीटा; 100 मीटर तक सड़क पर घसीटा – INA

Bareilly News: बरेली में रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने और उसे सड़क पर घसीटने का वीडियो सामने आया है. घटना आंवला क्षेत्र की है, जहां सुमित गुप्ता पर कुछ लोगों ने फरसे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. आरोप है कि पिटाई के बाद हमलावर उसे करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गए. इस घटना से जुड़े विवाद के दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें राहगीर सज्जाद की मौत हो गई, जबकि सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी हालत नाजुक है. सुमित की पत्नी ने छह नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. वहीं, दूसरे पक्ष ने भी जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और वीडियो की जांच कर रही है.

बाजार से घर लौटते समय सुमित पर हमला

आंवला के मोहल्ला गंज निवासी दामिनी गुप्ता ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम वह अपने पति सुमित के साथ त्रिपोलिया बाजार से घर लौट रही थीं. इसी दौरान तरुण, वरुण, सुदेश सिंह उर्फ भूरे, नवीन सिंह, सचिन, गौरव सिंह और तीन अन्य लोगों ने उनके पति को घेर लिया. दामिनी का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से सुमित पर फरसे और लाठी-डंडों से हमला किया. इसके बाद उन्हें करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए लठैता मोहल्ले की तरफ ले गए. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. पुलिस वीडियो की जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं- 5 दोस्तों की अधूरी कहानी किसी को नई नौकरी की खुशी थी, कोई था परिवार का सहारा; एक हादसे ने सबकुछ छीन लिया

फायरिंग में राहगीर सज्जाद की मौत

सुमित के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर उनके परिवार के लोग और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और फायरिंग होने लगी. इसी दौरान गोली लगने से वहां से गुजर रहे सज्जाद की मौत हो गई. वहीं, सुमित भी गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन सुमित को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल भेज दिया. फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. सुमित की पत्नी ने आरोप लगाया कि लठैता मोहल्ले के तरुण ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.

दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप

मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है. लठैता निवासी रेनू ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा तरुण सिंह शनिवार शाम करीब 4:30 बजे गंज त्रिपोलिया बाजार से घर लौट रहा था. आरोप है कि रास्ते में पुरैना ढाल निवासी मोहित गुप्ता, रोहित गुप्ता, सुमित गुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रियांशु गुप्ता, सचिन गुप्ता और महेश चंद्र गुप्ता ने उसे रोक लिया.

रेनू के मुताबिक, आरोपियों ने तरुण पर तमंचों से फायरिंग की. जान बचाने के लिए तरुण पड़ोस में रहने वाले अपने ताऊ के घर में घुस गया. उन्होंने दावा किया कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है. रेनू ने यह भी आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर को बरेली स्थित विश्वविद्यालय से लौटते समय तरुण के साथ मारपीट की गई थी. इस मामले में बिथरी चैनपुर थाने में पहले से रिपोर्ट दर्ज है.

वीडियो और CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस

सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि घटना से जुड़े वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाएगी. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है. दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

बरेली में सरेराह गुंडागर्दी, युवक को लाठी-डंडे से पीटा; 100 मीटर तक सड़क पर घसीटा


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button