खबर शहर , होमगार्ड भर्ती: 864 अभ्यर्थी पास, 22 ने उठाए मेडिकल पर सवाल; 29 अक्तूबर को फिर होगा परीक्षण – INA

 होमगार्ड भर्ती की मेडिकल परीक्षा में 10 दिन में 864 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। 22 असफल अभ्यर्थी जनपदीय चिकित्सा बोर्ड के परीक्षण से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने मंडलीय चिकित्सा बोर्ड से दोबारा परीक्षण कराने की अपील की है, जिसकी तिथि 29 अक्तूबर तय की गई है।

जिला कमांडेंट होमगार्ड राहुल कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश होमगार्ड स्वयंसेवकों के पदों पर नामांकन प्रक्रिया-2025 चल रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आगरा के 1232 चयनित पुरुष, महिला अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध कराई है। इन सभी का चिकित्सा परीक्षण 12 अक्तूबर से पुलिस लाइंस में जनपदीय चिकित्सा बोर्ड कर रहा है। 21 अक्तूबर तक बुलाए गए 900 अभ्यर्थियों में से 886 उपस्थित रहे, जबकि 14 अनुपस्थित थे।

असफल अभ्यर्थियों के लिए मंडलीय चिकित्सा बोर्ड के समक्ष परीक्षण के लिए बुलावा पत्र पुलिस लाइंस, आगरा पर वितरित किए जा रहे हैं। पुरुष अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण 22 अक्तूबर तक होगा, जबकि महिला अभ्यर्थियों का परीक्षण 23 से 25 अक्तूबर तक किया जाएगा। जो पुरुष अभ्यर्थी पहले अनुपस्थित रहे, वे 22 अक्तूबर को सुबह 9 बजे अपने मूल अभिलेखों के साथ पुलिस लाइंस में उपस्थित हों। यह उनके लिए अंतिम मौका है। चिकित्सा परीक्षण में घड़ी, मोबाइल, झोला व संदिग्ध वस्तुएं परिसर में ले जाना प्रतिबंधित है।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button