खबर शहर , दिवाली से पहले EV की बंपर बुकिंग: प्रीमियम कारों पर 15 दिन और बाइकों पर 25 दिन की वेटिंग; ऑटो बाजार में बूम – INA

त्योहारी सीजन में ऑटोमोबाइल बाजार पूरी तरह से गुलजार है। लोग इस दिवाली अपने घर नया वाहन लाने की तैयारियों में जुटे हैं। इस साल पेट्रोल और डीजल वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग में भारी उछाल आया है। आकर्षक ऑफर्स और छूट के बीच वाहनों की बंपर बुकिंग शुरू हो गई है। ग्राहकों की सबसे ज्यादा डिमांड धनतेरस के दिन डिलीवरी लेने की है।

कार और एसयूवी से लेकर बाइक, स्कूटी तक ग्राहक अब ईवी को ज्यादा किफायती मान रहे हैं। इसके नए-नए मॉडल आ रहे हैं। बेहतर बैटरी क्षमता के कारण अब ये गाड़ियां ज्यादा किलोमीटर की रेंज दे रही हैं। इनकी कीमतों में भी गिरावट आ रही है। कार और टू-व्हीलर के अलावा इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर व छोटे कमर्शियल वाहनों की भी जमकर बुकिंग हो रही है।

प्रीमियम गाड़ियों के लिए करना पड़ रहा इंतजार

त्योहारी मांग का असर प्रीमियम सेगमेंट पर साफ नजर आ रहा है। महंगी कार व एसयूवी पर जहां 15 दिन की वेटिंग चल रही है, वहीं विदेशी कंपनियों की बाइकों के कुछ चुनिंदा मॉडलों के लिए ग्राहकों को 25 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है। खासकर 2 से 2.50 लाख रुपये तक की कीमत वाली बाइकों को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

सज गए शोरूम, टेस्ट ड्राइव शुरू

दिवाली से पहले ही सभी ऑटोमोबाइल शोरूम रंगीन लाइटों और फूलों की सजावट से जगमगा उठे हैं। ग्राहकों की सुविधा के लिए शोरूम के डिस्प्ले में नई गाड़ियां लगा दी गई हैं। लोग अपने मनपसंद वाहनों की बुकिंग से पहले जमकर टेस्ट ड्राइव कर रहे हैं।

आनंदजी होंडा के डायरेक्टर अमरेंद्र जैन ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों के बीच ग्राहक इलेक्ट्रिक वाहनों को बेहतर विकल्प मान रहे हैं। नए मॉडल और बढ़ती रेंज से ईवी के प्रति भरोसा बढ़ा है। धनतेरस पर डिलीवरी के लिए एडवांस बुकिंग पूरी हो चुकी है। ग्राहकों को आकर्षक फाइनेंस स्कीम का भी लाभ दिया जा रहा है।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस के अध्यक्ष राममोहन कपूर ने बताया कि त्योहारी सीजन में ऑटो बाजार में ग्राहकों का उत्साह बना हुआ है। युवाओं में दो से ढाई लाख रुपये तक की स्पोर्ट्स और विदेशी बाइकों की खास मांग है। सप्लाई के मुकाबले डिमांड अधिक होने से कुछ प्रीमियम कारों और मॉडलों पर 15 से 25 दिन तक की वेटिंग चल रही है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button