Technology, आईफोन डुओ के खराब यूनिट को मुफ्त में बदलेगी एपल: खराब स्क्रीन की शिकायतों के बाद लिया फैसला, ₹3 लाख है कीमत – Apple Offers Free Replacement For Iphone Duo Folding Screen Issue Details — INA

सार

iPhone Duo Replacement: एपल ने खराब हुए आईफोन डुओ के यूनिट्स को मुफ्त में रिप्लेस करने का एलान किया है। कई ग्राहकों ने फोन खरीदने के कुछ घंटों बाद ही इनर डिस्प्ले के खराब होने की शिकायतें की थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एपल ने इस समस्या को स्वीकार किया और प्रभावित ग्राहकों को तुरंत फ्री रिप्लेसमेंट देने का भरोसा दिया है।

iPhone Duo Free Replacement: दुनिया भर में एपल (Apple) के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन, आईफोन डुओ iPhone Duo, का बेसब्री से इंतजार हो रहा था। लॉन्च होते ही इसके शुरुआती स्टॉक मिनटों में बिक गए। लेकिन, लॉन्च के महज कुछ ही दिनों बाद इस बहुचर्चित फोन में एक बड़ी खामी सामने आ गई है। कई ग्राहकों ने शिकायत की है कि फोन के मुड़ने वाली जगह (हिंज) और इनर डिस्प्ले में लाइनें और दरारें नजर आ रही हैं।

सोशल मीडिया पर कई ग्राहकों ने अपने खराब हो चुके आईफोन डुओ की तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि फोन के बीच के हिस्से में स्क्रीन टूट रही है। अब एपल ने इन ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए खराब हो चुके आईफोन डुओ को मुफ्त में रिप्लेस करने का एलान किया है।

लगातार आ रही शिकायतों पर लिया एक्शन

एपल ने लगातार आ रही इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सोमवार को आधिकारिक तौर पर इस समस्या को स्वीकार किया। कंपनी ने एक बयान जारी करते हुए कहा, “हमें जानकारी मिली है कि iPhone Duo की एक छोटी संख्या में इनर डिस्प्ले से जुड़ी समस्या आ रही है। प्रभावित यूनिट्स में यह खराबी बहुत जल्दी सामने आ रही है। जिन यूजर्स को अपने iPhone Duo की स्क्रीन में दिक्कत आ रही है, उन्हें डिवाइस बदलने (रिप्लेसमेंट) के लिए तुरंत AppleCare से संपर्क करना चाहिए।” हालांकि, एपल ने इस बात की जानकारी नहीं दी कि स्क्रीन में यह खराबी आखिर किस वजह से आ रही है।

क्या है खराबी की वजह?

  • इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को खोलकर उसकी टीयरडाउन की जानकारी देने वाली मशहूर फर्म आईफिक्सइट (iFixit) ने इस खराबी का पता लगाने की कोशिश की है। आईफिक्सइट ने आईफोन डुओ को खोलकर सीटी स्कैन का इस्तेमाल करके फोन के हिंज का एक 3D सिम्युलेशन तैयार किया।
  • आईफिक्सइट के मुताबिक, यह डैमेज ठीक उस जगह हो रहा है जहां स्क्रीन के नीचे, एक सेंट्रल सपोर्ट बार के पास से डिस्प्ले केबल गुजरती है। जब फोन को मोड़ा जाता है, तो संभवत: यह सपोर्ट बार सही तरीके से अपनी जगह से नहीं हट पाता, जिससे स्क्रीन पर भारी दबाव पड़ता है और वहां स्क्रीन डैमेज हो जाती है। हालांकि, दिलचस्प बात यह भी है कि फर्म ने आईफोन डुओ को अब तक का सबसे आसानी से रिपेयर होने वाला फोल्डेबल फोन बताया है।

एक्सपर्ट्स की क्या है राय?

मार्केट रिसर्च फर्म आईडीसी के वाइस प्रेजिडेंट फ्रांसिस्को जेरोनिमो का कहना है कि ग्राहकों को तुरंत फोन रिप्लेस करने का एपल का फैसला सही दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने 2019 की याद दिलाते हुए कहा, “हमें याद है जब सैमसंग के पहले गैलेक्सी फोल्ड (Galaxy Fold) में भी ऐसी ही समस्या आई थी। लेकिन एपल का तुरंत और पारदर्शी रिस्पॉन्स ब्रांड इमेज और इस नई कैटेगरी के फोन को बड़े नुकसान से बचा सकता है।”

फिलहाल, अगर आप भी आईफोन डुओ खरीदने की सोच रहे हैं या खरीद चुके हैं, तो इसके डिस्प्ले पर बारीकी से नजर रखें। किसी भी तरह की लाइन या दरार दिखने पर तुरंत एपल केयर से संपर्क करें।

Source link

Back to top button