UP News: बेटी की तेरहवीं भी कर दी, फिर आया वीडियो कॉल 3 साल बाद जिंदा प्रीति को देखकर रो पड़ी मां – INA

Prayagraj News: प्रयागराज में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे परिवार को हैरान कर दिया. जिस बेटी को मृत समझकर परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था और तेरहवीं की रस्म भी पूरी कर ली थी, वह तीन साल बाद जिंदा मिली. गुजरात के वडोदरा स्थित नारी संरक्षण केंद्र से वीडियो कॉल आया तो मां अपनी बेटी को सामने देखकर रो पड़ीं. परिवार को पहले विश्वास ही नहीं हुआ कि जिस बेटी को वे हमेशा के लिए खो चुके थे, वह जिंदा है. अब परिजन उसे वापस घर लाने के लिए गुजरात रवाना हो गए हैं.

3 साल पहले घर से निकली थी प्रीति, फिर नहीं लौटी

यह मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज स्थित उमरावगंज का है. यहां रहने वाले बनवारी लाल की बेटी प्रीति (28) 13 मई 2023 को घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी. परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. आखिरकार 16 मई 2023 को परिजनों ने नवाबगंज थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. इसके बाद परिवार लगातार बेटी की तलाश और उसके लौटने का इंतजार करता रहा. समय बीतने के साथ परिजनों की उम्मीदें कमजोर पड़ने लगीं, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि आगे उनके साथ ऐसा घटनाक्रम होने वाला है.

ये भी पढ़ें- स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में निकला 5 लाख फर्जी ईमेल ID का खेल; कानपुर से आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर में मिला अज्ञात युवती का शव

प्रीति की तलाश के दौरान 30 सितंबर 2026 को गोरखपुर में चिलुआताल नदी के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवती का शव मिला. पुलिस को गुमशुदगी के रिकॉर्ड से प्रीति के बारे में जानकारी मिली तो परिजनों से संपर्क किया गया. इसके बाद परिवार के लोग गोरखपुर पहुंचे. वहां शव पर बने निशानों के आधार पर उन्होंने उसे प्रीति का शव समझ लिया.

पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया, जिसके बाद परिजनों ने बेटी को मृत मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया. परिवार ने तेरहवीं की रस्म भी पूरी कर ली. बेटी को खोने के दुख में डूबे परिजनों को लगा कि अब प्रीति कभी वापस नहीं आएगी, लेकिन कुछ ही समय बाद ऐसी खबर मिली, जिसने उनके दुख को हैरानी और खुशी में बदल दिया.

पुलिस घर पहुंची तो खुला जिंदा होने का राज

26 अक्टूबर को नवाबगंज पुलिस प्रीति के घर पहुंची. पुलिस ने परिवार को बताया कि गुजरात के वडोदरा स्थित नारी संरक्षण केंद्र से संपर्क हुआ है. वहां की काउंसलर परिवार से बात करना चाहती हैं. इसके बाद वीडियो कॉल पर प्रीति को सामने देखकर परिजन भावुक हो गए. मां अपनी बेटी को जिंदा देखकर रो पड़ीं. जिस बेटी को मृत मानकर अंतिम संस्कार किया जा चुका था, उसे अपनी आंखों के सामने देखकर परिवार को यकीन नहीं हो रहा था.

वडोदरा रेलवे स्टेशन पर मिली थी प्रीति

नारी संरक्षण केंद्र की काउंसलर के मुताबिक, प्रीति 5 अगस्त 2023 को वडोदरा रेलवे स्टेशन पर मिली थी. उस समय वह अपनी स्थिति के बारे में ठीक से जानकारी नहीं दे पा रही थी. इसके बाद उसे नारी संरक्षण केंद्र में रखा गया. बताया जा रहा कि पिछले कुछ दिनों से प्रीति अपने घर लौटने की इच्छा जता रही थी. इसी के बाद संरक्षण केंद्र ने नवाबगंज पुलिस से संपर्क किया और परिवार तक उसकी जानकारी पहुंची. अब परिजन उसे वापस लाने के लिए वडोदरा रवाना हो गए हैं.

जिस शव का अंतिम संस्कार किया, वह किसका था?

प्रीति के जिंदा मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है, लेकिन इस मामले ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि गोरखपुर में मिले जिस अज्ञात युवती के शव को प्रीति समझकर परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया था, वह आखिर किसका था? इसके अलावा, प्रीति प्रयागराज से गुजरात कैसे पहुंची और इतने समय तक उसकी पहचान सामने क्यों नहीं आ सकी, यह भी जांच का विषय है. फिलहाल परिवार को अपनी बेटी के वापस लौटने का इंतजार है.

बेटी की तेरहवीं भी कर दी, फिर आया वीडियो कॉल 3 साल बाद जिंदा प्रीति को देखकर रो पड़ी मां


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button