Crime- लुधियाना में अंबेडकर प्रतिमा का शीशा तीसरी बार टूटा: वाल्मीकि समाज और बसपा में भारी रोष, मौके पर पुलिस तैनात -#INA

लुधियाना के सलेम टाबरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जालंधर बाईपास स्थित मुख्य चौक पर स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के बाहर लगा शीशा एक बार फिर चकनाचूर हो गया।
किसी अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा पत्थर मारकर शीशा तोड़े जाने की आशंका जताई जा रही है। लगातार तीसरी बार घटी इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है, जिसे देखते हुए जालंधर बाईपास चौक और आसपास के इलाके को भारी पुलिस बल के साथ पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने मौके पर जुटना शुरू कर दिया। इस घटना की जानकारी एडवोकेट नरेंद्र आद्या ने अपने फेसबुक पेज पर लाइव आकर सार्वजनिक की, जिसके बाद समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
सीसीटीवी लगने के बावजूद सुरक्षा पर खड़े हुए सवाल
घटना की सूचना मिलते ही सलेम टाबरी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गौर करने वाली बात यह है कि इस चौक पर पहले भी विवादित घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीते दिनों प्रतिमा पर माला डालने की घटना को लेकर काफी बवाल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने चौक पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए थे। हालांकि, कैमरे लगे होने के बावजूद तीसरी बार हुई इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई: चौधरी यशपाल
मौके पर पहुंचे चौधरी यशपाल ने घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि यह माहौल बिगाड़ने की सोची-समझी साजिश है। प्रशासन को तुरंत और निष्पक्ष जांच कर यह साफ करना चाहिए कि शीशा कैसे टूटा। यदि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर ऐसा किया है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल सलेम टाबरी पुलिस घटनास्थल के आसपास और चौक पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि शीशा किसी की शरारत से टूटा है या फिर यह कोई हादसा था। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।