यूपी – कानपुर: कपिल देव बोले- प्लान ए सिर्फ जीत का, बी और सी बनाते कमजोर, युवाओं को दिए सफलता के मंत्र – INA

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव शुक्रवार को शहर में रहे। इस दौरान उन्होंने युवाओं को सफलता के टिप्स दिए। कहा कि मैदान हो या जिंदगी, प्लान ए सिर्फ जीत का होना चाहिए। प्लान बी और सी व्यक्ति को कमजोर बनाते हैं। जब मैदान में उतरें तो मन में दूसरा विकल्प रखने के बजाय सिर्फ जीतने का इरादा होना चाहिए।

एक निजी बैंक की ओर से छावनी क्षेत्र स्थित एक होटल में रात में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे क्रिकेटर एवं कमेंटेटर कपिल देव ने बैंक के ग्राहकों और अन्य आमंत्रित लोगों के साथ क्रिकेट और जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। कहा कि 16 साल की उम्र में क्रिकेट खेलने वाले बच्चे की दुनिया खेल तक सीमित रहती है। जिंदगी के वास्तविक अनुभव मिलने के बाद चुनौतियों का सही अर्थ समझ में आता है। इन्हीं चुनौतियों का सामना करते हुए . बढ़ना व्यक्ति को मजबूत बनाता है।

दूसरा विकल्प कमजोर करता है लक्ष्य के प्रति दृढ़ता

उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए उस पर पूरा ध्यान और भरोसा जरूरी है। यदि शुरुआत में ही दूसरे विकल्प तैयार रखेंगे तो लक्ष्य के प्रति दृढ़ता कमजोर पड़ सकती है। जीवन के सबसे बेहतरीन पल के सवाल पर कपिल देव ने कहा कि सबसे अच्छा दिन वह था, जिस दिन उनका जन्म हुआ। क्रिकेट के लिहाज से देश के लिए खेलने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद खास रहा। वहीं, 1983 में भारत को विश्व कप जिताना उनके क्रिकेट करियर के सबसे यादगार पलों में शामिल है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य तय कर आत्मविश्वास और पूरी प्रतिबद्धता के साथ . बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में रिजर्व बैंक आफ इंडिया के पूर्व गवर्नर डॉ दुव्वुरी सुब्बाराव ने निवेश से लेकर बैंकिंग क्षेत्र के बारे में जानकारी दी। पांच सितंबर 2008 से 4 सितंबर 2013 तक इस पद पर रहे सुब्बाराव को वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए जाना जाता है।

कार्यक्रम में चर्म निर्यात परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तारुल अमीन, परिषद के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष जावेद इकलाब, डॉल्फिन डेवलपर्स के सीएफओ आनंद कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे। इससे पहले कपिल देव दोपहर में चर्म निर्यात परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तारुल अमीन के निवास पर केक लेकर पहुंचे। वहां उनके परिजनों एवं करीबियों के साथ लंच किया।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button