यूपी – हाथरस: त्योहार पर गैस सिलिंडर के लिए कतार में इंतजार, महिला-बुजुर्ग और काम-धंधे वाले लोग परेशान – INA

त्योहारी सीजन में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति के प्रशासनिक दावों की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। घर बैठे एलपीजी सिलिंडर मिलने के बजाय उपभोक्ताओं को त्योहार के मौके पर लंबी कतारों में लगकर सिलिंडर लेने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
हाथरस शहर के आगरा रोड पर नियम-कायदों को ताक पर रखकर सीधे मालवाहक चार पहिया वाहनों से उपभोक्ताओं को सिलिंडर बांटे जा रहे हैं, जबकि ये सिलिंडर घरों पर डिलीवरी के लिए होते हैं। सिलिंडर पाने की आपाधापी में उपभोक्ता सुबह आठ बजे से ही आगरा रोड पर आकर कतार में खड़े होने पर विवश हैं।
उपभोक्ताओं को घर पर डिलीवरी मिलने की जगह सड़कों, गोदामों और अस्थायी ठिकानों से खुद ही सिलिंडर उठाकर ले जाना पड़ रहा है। ऐसे में महिलाओं, बुजुर्गों और काम-धंधे वाले लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।