खबर शहर , Agra News: आगरा कैंट पर बनेंगे दो नए फुट ओवरब्रिज, यात्रियों को मिलेगी राहत – INA

आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए एक ही प्रवेश द्वार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्टेशन पर दो नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) बनाए जाएंगे। इनके निर्माण से स्टेशन के दोनों ओर से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी। खासकर खेरिया मोड़, मलपुरा, अर्जुन नगर और जगनेर रोड की ओर से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी स्टेशन पर एक ही मुख्य प्रवेश द्वार होने से यात्रियों की भीड़ एक जगह जमा होती है। त्योहारों और ट्रेनों के आने-जाने के समय यह परेशानी और बढ़ जाती है।

आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि एक एफओबी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफॉर्म नंबर चार और पांच को जोड़ेगा। इसके लिए 19.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दूसरा 12 मीटर चौड़ा एफओबी भी तैयार होगा। यह प्लेटफॉर्म नंबर चार और पांच को खेरिया मोड़ की ओर एफसीआई गोदाम के पास बनने वाले नए प्रवेश द्वार से जोड़ेगा। इससे इस ओर से आने वाले यात्रियों को मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम के तहत ये निर्माण कराए जा रहे हैं। कैंट स्टेशन के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए 186 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ये कार्य अमृत भारत स्टेशन योजना से अलग किया जा रहा है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा।

यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए होल्डिंग एरिया भी बनाए जा रहे हैं। यहां ट्रेन के समय से पहले पहुंचने वाले यात्री बैठकर इंतजार कर सकेंगे। बैठने के लिए पर्याप्त स्थान, पेयजल, शौचालय, पंखे, रोशनी, यात्री सूचना डिस्प्ले और सामान रखने की सुविधा विकसित की जा सकती है, ताकि यात्रियों को ट्रेन आने तक प्लेटफॉर्म पर भीड़ लगाने की जरूरत न पड़े।


Credit By Amar Ujala

Back to top button