यूपी – अलीगढ़: पहली शादी छिपाकर वेलेंटाइन-डे पर की दूसरी शादी, पत्नी समेत तीन पर केस दर्ज – INA

एक महिला ने पहली शादी की बात छिपाकर राजुल नाम के युवक से वर्ष 2019 में वेलेंटाइन-डे पर दूसरी शादी कर ली। आरोप है कि महिला उसके घर से नकदी व आभूषण लेकर चली गई। राजुल का दावा है कि उसने पड़ताल की तो पता चला कि उसकी पत्नी ने अपने पहले पति के खिलाफ भी शादी करने के बाद केस दर्ज कराया हुआ है। अलीगढ़ के क्वार्सी थाना पुलिस ने इस मामले में कोर्ट के आदेश पर राजुल की पत्नी योगिता अग्रवाल व उसके भाई-भाभी के खिलाफ धोखाधड़ी आदि की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।

साईं विहार निवासी राजुल ने बताया कि उसकी शादी 14 फरवरी 2019 को एडीए कॉलोनी निवासी योगिता अग्रवाल से हुई थी। राजुल का कहना है कि शादी आर्य समाज मंदिर अलीगढ़ में बिना दान-दहेज के संपन्न हुई थी। योगिता के पिता का देहांत शादी से पहले ही हो चुका था। आरोप है कि शादी के बाद योगिता का भाई नितिन अग्रवाल और भाभी प्रीती गोयल राजुल पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाने लगे। राजुल के मना करने पर उसे और उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी गईं। योगिता अपने मायके चली गई और वहीं दो पुत्रियों को जन्म दिया। उसने राजुल का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न भी किया।

16 जून 2025 को नितिन और प्रीती राजुल के घर आए। आरोप है कि वे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और दो लाख रुपये व योगिता और दोनों बेटियों को भी अपने साथ ले गए। उन्होंने राजुल पर मकान व प्लॉट दोनों भाई-बहनों के नाम करने का दबाव भी बनाया। राजुल का कहना है कि योगिता के पड़ोसियों से पूछताछ की तो उसे योगिता की पहली शादी का पता चला। योगिता की पहली शादी मेरठ के जय मित्तल के साथ हुई थी। राजुल को पुलिस अधिकारियों और राज्य महिला आयोग से भी शिकायत की थी। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर अब इस मामले में बीएनएस की धारा 82 (1), 318 (4), 305, 351 (2), 61 (2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button