UP News: अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा की बारी, BJP कर रही कृष्ण जन्मभूमि पर बड़े ऐलान की तैयारी? – INA

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) मथुरा से एक बड़ा सियासी संदेश देने की तैयारी में है. मथुरा में 16 और 17 नवंबर को हो रही बीजेपी की दो दिवसीय चिंतन बैठक में संगठन और चुनावी रणनीति के साथ श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी चर्चा के केंद्र में रह सकता है. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के भीतर एक बड़ा धड़ा चाहता है कि अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा को भी बीजेपी के राजनीतिक एजेंडे में प्रमुखता से शामिल किया जाए.

सूत्रों का कहना है कि लखनऊ से लेकर दिल्ली तक बीजेपी के कई नेता चाहते हैं कि मथुरा को लेकर अब कोई बड़ा राजनीतिक ऐलान किया जाए. इस धड़े का मानना है कि अयोध्या में राम मंदिर और काशी में विश्वनाथ धाम के बाद मथुरा का मुद्दा पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है. ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की रणनीति में भी मथुरा की भूमिका को लेकर मंथन हो रहा है. हालांकि, इस पर अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा.

बैठक में मथुरा को एजेंडे में शामिल करने की मांग

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के भीतर एक धड़ा चाहता है कि मथुरा में हो रही इस बैठक के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर विस्तार से मंथन किया जाए. साथ ही इस मुद्दे को पार्टी के राजनीतिक एजेंडे में शामिल करने के लिए प्रस्ताव भी तैयार किया जाए. पार्टी के इस धड़े का मानना है कि अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा को लेकर राजनीतिक और वैचारिक स्तर पर स्पष्ट संदेश देने का समय है.

मोहन यादव के बयान से फिर चर्चा में आया मथुरा

श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा पिछले दिनों मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के वाराणसी दौरे के दौरान दिए गए बयान के बाद फिर चर्चा में आया. गोवर्धन पूजा उत्सव में शामिल होने पहुंचे मोहन यादव ने कहा था कि जिस तरह अयोध्या में भगवान श्रीराम विराजमान हुए हैं, उसी तरह जल्द ही भगवान गोपाल कृष्ण भी मथुरा में विराजमान होंगे. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के भीतर मथुरा को लेकर चल रही चर्चा को इस बयान से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

दिल्ली दौरे में योगी ने भी उठाया था मथुरा का मुद्दा?

सूत्रों का दावा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पिछले दिल्ली दौरे के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में मथुरा के मुद्दे को रखा था. पार्टी के भीतर इस बात पर चर्चा है कि अयोध्या और काशी के बाद मथुरा को लेकर आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए.

मथुरा के बहाने पश्चिमी यूपी और यादव वोटरों को संदेश देने की रणनीति?

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के रणनीतिकार मथुरा के मुद्दे के जरिए एक साथ कई राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने की संभावना पर भी विचार कर रहे हैं. खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने और यादव समाज तक संदेश पहुंचाने के नजरिए से इस मुद्दे को अहम माना जा रहा है. यादव वोट में समाजवादी पार्टी का मजबूत जनाधार रहा है. ऐसे में बीजेपी के भीतर एक धड़े का मानना है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाकर यादव समाज के बीच भी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान के आधार पर संवाद बढ़ाया जा सकता है.

16-17 नवंबर की बैठक में क्या होगा?

बीजेपी की दो दिवसीय बैठक 16 और 17 नवंबर को मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र में हो रही है. इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और दोनों उपमुख्यमंत्री समेत संगठन और सरकार के वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं.

बैठक के घोषित एजेंडे में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना, पन्ना प्रमुखों की भूमिका की समीक्षा, नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक समूहों तक पहुंच बढ़ाना शामिल है. इसके अलावा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, सरकार-संगठन के बीच समन्वय, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और विपक्ष की संभावित रणनीति पर भी चर्चा होनी है. इस बीच सूत्रों के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी बैठक में चर्चा का विषय बन सकता है. पार्टी के भीतर मथुरा को लेकर किसी प्रस्ताव या बड़े ऐलान की मांग उठ रही है, लेकिन अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर ही होगा.

अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा की बारी, BJP कर रही कृष्ण जन्मभूमि पर बड़े ऐलान की तैयारी?


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button