यूपी – टूट रहे नियम, दौड़ रहे चालान: यातायात माह में भी चौराहों पर ऐसा हाल, सड़कों पर वही अराजकता; सो रही है पुलिस – INA

यातायात माह में नियमों के उल्लंघन पर कोई रोक नहीं लग रही है। चौराहों पर ऑटो, ई-रिक्शा चालक पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। बेतरतीब खड़े होकर सवारियां भरते हैं। जाम लगता है लेकिन इन पर पुलिसकर्मी मेहरबान हैं। इसी तरह हाईवे पर आईएसबीटी, भगवान टॉकीज और रामबाग में बसों का यही हाल है। पुलिस की कार्रवाई सिर्फ चालान तक सिमट कर रह गई है।
यातायात माह में पुलिस स्कूल-कॉलेज में लोगों को जागरूक कर रही है। चालान की कार्रवाई भी की जा रही है मगर शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। चौराहों पर खड़े ऑटो, ई-रिक्शा लोगों के आवागमन में बाधा बने हुए हैं। 100 और 50 मीटर की दूरी पर पार्किंग कराने के नियम का भी पालन नहीं हो रहा है।
पुराने शहर के प्रमुख बिजलीघर पर सड़क कम नजर आती है। यहां पर सवारी वाहनों की लाइन लगी रहती है। इस कारण मंटोला, सुभाष बाजार, छीपीटोला, आगरा फोर्ट स्टेशन की तरफ जाना मुश्किल हो जाता है। यातायात पुलिस के साथ ही चौराहे पर बनी चौकी में बैठे पुलिसकर्मी भी कुछ नहीं करते हैं। इस वजह से दिन भर लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।
हर चौराहे का यही हाल
शाहगंज, भोगीपुरा, बोदला, कारगिल, सिकंदरा, लोहामंडी, भगवान टॉकीज, रामबाग, टेढ़ी बगिया की भी यही स्थिति है। एक तरफ ऑटो, ई-रिक्शा की पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है तो दूसरी तरफ कई रास्तों पर दुकानों के बाहर दो और चार पहिया वाहनों को खड़ा करने से जाम लग रहा है। इस पर ट्रैफिक पुलिस के साथ नगर निगम का भी ध्यान नहीं है।
लोहामंडी पर फंसे वाहन
लोहामंडी चौराहे से मदिया कटरा मार्ग पर सोमवार दोपहर से शाम तक वाहनों की लाइन ने लोगों को परेशान किया। यहां पर ट्रैफिक पुलिस के इंतजाम न होने से वाहन फंसे रहे।
अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने बताया कि ऑटो, ई-रिक्शा में अधिक सवारी बैठाने की शिकायत हैं। नाबालिग के भी चलाने की जानकारी मिली हैं। चालकों का सत्यापन किया जाएगा। यातायात में समस्या पैदा होने पर भी चालान भी होंगे। सीज करने की भी कार्रवाई होगी। ऑटो-ई रिक्शा यूनियन से भी बात की जाएगी। नियम नहीं मानने पर सख्त कार्रवाई होगी।