खबर शहर , यूपी: आगरा में सिनेमा का महाकुंभ, ममता कुलकर्णी भी होंगी शामिल; पहले दिन दिखाई ‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’ – INA

ताजनगरी में सोमवार से आठवें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (जीटीआईएफएफ-2026) का भव्य आगाज हुआ। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के जेपी सभागार में शुरू हुए तीन दिवसीय समारोह में फ्रांस, इटली, अमेरिका और रूस सहित करीब 15 देशों की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। पहले दिन देश-विदेश की फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी के बीच पहली फिल्म के रूप में महामहिम दीदीजी मुर्मू की स्क्रीनिंग की गई।
ग्लैमर लाइव फिल्म्स और विश्वविद्यालय के आईटीएचएम संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। उद्घाटन सत्र में महामहिम दीदीजी मुर्मू फिल्म के निर्देशक पम्पोज मिश्रा और प्रभा मिश्रा के साथ दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से पहुंचीं अभिनेत्री संपा मंडल भी मौजूद रहीं। सूरज ने बताया कि तीन दिनों तक जेपी सभागार में चयनित फीचर, शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री और एनीमेशन फिल्म के साथ म्यूजिक वीडियो की स्क्रीनिंग की जाएगी।
अंतिम दिन अभिनेत्री ममता कुलकर्णी भी शामिल होंगी। पहले दिन के आयोजन में फ्रांस की अभिनेत्री मरीन बोर्गो, मॉस्को से फिल्म निर्देशक अलेक्जेंड्रा, इटली से गायिका मारिया, वेनेजुएला से आए अल्फ्रेडो, अमेरिका से अभिनेत्री कशिश अग्निहोत्री बाजपेयी और मुंबई से अभिनेत्री विभा रानी सहित आदि ने शिरकत की। कार्यक्रम में समाजसेवी पूरन डावर, कुलदीप पाठक, केएम सिंघल आदि मौजूद रहे।
आज अभिनेता ज्ञानप्रकाश लेंगे क्लास
सह आयोजक आईटीएचएम संस्थान के निदेशक प्रो. यूएन शुक्ला ने बताया कि 17 को मुंबई के प्रख्यात अभिनेता एवं एक्टिंग कोच ज्ञानप्रकाश मास्टर क्लास लेंगे। अभिनेत्री विभा रानी पैनल डिस्कशन में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी।