खबर शहर , Agra News: राष्ट्रीय भाला फेंक में नगला जसोला के ब्रह्मदीप चाहर ने जीते स्वर्ण व कांस्य पदक – INA

अकोला। अकोला क्षेत्र के गांव नगला जसोला निवासी ब्रह्मदीप चाहर ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से पूरे चाहरवाटी क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन किया है। ब्रह्मदीप ने एथलेटिक्स की भाला फेंक स्पर्धा में लगातार शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।

स्वर्गीय रामकुमार के पुत्र ब्रह्मदीप ने अक्टूबर माह में पंजाब के पटियाला में आयोजित सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 65 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित 68वें एसजीएफआई राष्ट्रीय खेलों में ब्रह्मदीप ने 61.90 मीटर भाला फेंककर कांस्य पदक अपने नाम किया। लगातार 2 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

ब्रह्मदीप के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन खेलो इंडिया और साई सेंटर भोपाल के लिए भी हो गया है। इससे उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलेंगी। ब्रह्मदीप वर्तमान में एसजी पब्लिक स्कूल अकोला में कक्षा 11 के छात्र हैं। ब्रह्मदीप के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक अजीत सिंह मालान ने उन्हें साफा पहनाकर, मेडल देकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्रह्मदीप ने सफलता का श्रेय अपनी माता और कोच लाखन सिंह चाहर को दिया। कोच लाखन सिंह चाहर ने कहा कि ब्रह्मदीप ने पूरे चाहरवाटी और अकोला क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस सम्मान समारोह में अजीत सिंह मालान, लाखन सिंह चाहर, जंगजीत सिंह, उदयवीर सिंह चाहर, अतुल सक्सेना, कुंज बिहारी चाहर आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे। संवाद


Credit By Amar Ujala

Back to top button