Tach – भारत के इन 8 शहरों में Apple Maps से मिलेगी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की जानकारी, रेलवे नेविगेशन भी शामिल

ऐपल ने भारत में अपने Maps ऐप को नए फीचर्स के साथ अपडेट किया है. अब इसमें रास्तों की ज्यादा सटीक जानकारी, 300 से ज्यादा 3D लैंडमार्क और AR यानी ऑगमेंटेड रियलिटी के जरिए पैदल चलने के दिशा-निर्देश मिलेंगे. कंपनी ने भारतीय शहरों और सड़कों को ध्यान में रखते हुए भी कई बदलाव किए हैं. अब यूजर्स को रास्ता बताने के लिए पेट्रोल पंप या दूसरी जानी-पहचानी जगहों का हवाला दिया जाएगा. इसके अलावा, मैप पर हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं में जगहों के नाम भी दिखाई देंगे.

ऐपल Maps में Natural Language Guidance को बेहतर बनाया गया है. इसका मतलब है कि ऐप अब सिर्फ सड़क के नाम या मोड़ की जानकारी देने के बजाय आम बोलचाल के अंदाज में रास्ता समझाएगा. उदाहरण के लिए, किसी मोड़ पर पहुंचने से पहले यह कह सकता है कि पेट्रोल पंप के आगे दाएं मुड़ें. इससे उन जगहों पर रास्ता समझना आसान होगा, जहां सड़कों के नाम स्पष्ट नहीं हैं.

ड्राइविंग के दौरान सही लेन चुनने के लिए Lane Guidance भी दिया गया है. इससे फ्लाईओवर या किसी मोड़ से पहले ड्राइवर को पता चल सकेगा कि किस लेन में रहना है. अब एक रूट में 15 स्टॉप तक जोड़े जा सकते हैं. Mac और iPad पर बनाए गए रूट अपने आप iPhone के साथ सिंक भी हो जाएंगे.

हिंदी समेत 11 भारतीय भाषाओं में दिखेंगे नाम

नए अपडेट में Dual-language Labels की सुविधा जोड़ी गई है. इसमें जगहों के नाम दो भाषाओं में दिखाई देंगे. कौन-सी भाषाएं दिखेंगी, यह यूजर की डिवाइस सेटिंग और लोकेशन पर निर्भर करेगा. उदाहरण के लिए, अगर दिल्ली में iPhone की भाषा अंग्रेजी है, तो मैप पर जगहों के नाम अंग्रेजी और हिंदी दोनों में दिखेंगे. वहीं, मुंबई में अंग्रेजी के साथ मराठी में नाम दिखाई देंगे.

हिंदी और अंग्रेजी के अलावा बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, तमिल, तेलुगु, पंजाबी, ओड़िया और उर्दू का सपोर्ट भी जोड़ा गया है.

3D लैंडमार्क और AR से मिलेगी मदद

ऐपल Maps में अब Look Around फीचर भी उपलब्ध है. इसकी मदद से यूजर किसी जगह को सड़क के स्तर से हाई-रेजोल्यूशन तस्वीरों में देख सकते हैं. इसके अलावा, भारत के 300 से ज्यादा प्रमुख लैंडमार्क को 3D में एक्सप्लोर किया जा सकता है.

पैदल रास्ता खोजने वालों के लिए AR Walking Directions भी दिया गया है. इसमें iPhone को सामने उठाकर आसपास की इमारतों को स्कैन करना होगा. इसके बाद ऐप आपकी लोकेशन पहचानकर स्क्रीन पर दिशा दिखाएगा.

पब्लिक ट्रांसपोर्ट और दूसरे नए फीचर्स

ऐपल Maps में अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और पुणे के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेविगेशन मिलता है. इसमें भारतीय रेलवे की जानकारी भी शामिल है. यूजर नजदीकी स्टेशन खोज सकते हैं, पसंदीदा रूट सेव कर सकते हैं और अपने स्टॉप के करीब पहुंचने पर अलर्ट पा सकते हैं.

इसके अलावा, साइकिल चलाने वालों के लिए दिशा-निर्देश, खुद के रूट बनाने और रोजाना आने-जाने के लिए पसंदीदा रास्ते चुनने की सुविधा भी दी गई है. Share ETA फीचर से यूजर अपना अनुमानित पहुंचने का समय दोस्तों और परिवार के साथ शेयर कर सकते हैं.

ऐपल का कहना है कि Maps में यूजर की प्राइवेसी का भी ध्यान रखा गया है. पर्सनलाइज्ड फीचर्स के लिए ऑन-डिवाइस इंटेलिजेंस का इस्तेमाल होता है और ऐप चलाने के लिए ऐपल अकाउंट से साइन-इन करना जरूरी नहीं है.


Source link

Back to top button