भाजपा बोली- महिला प्रतिनिधित्व पर कांग्रेस की कथनी-करनी अलग:4 राज्यों में सरकार लेकिन सिर्फ 3 महिला मंत्री, हिमाचल-कर्नाटक में महिलाओं को एक पद भी नहीं- INA NEWS

तेलंगाना में वन मंत्री कोंडा सुरेखा को मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक तरफ महिलाओं को राजनीति में प्रतिनिधित्व देने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ उसके ही शासन वाले राज्यों में महिला मंत्रियों की संख्या न के बराबर है। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस की चार राज्यों में सरकार है। लेकिन सिर्फ 3 मंत्री पद पर महिलाएं हैं। उन्होंने कहा- हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में एक भी महिला मंत्री नहीं है। केरल में दो महिला मंत्री हैं, जबकि तेलंगाना में दो में से एक मंत्री को हटा दिया गया। इस तरह चार राज्यों में अब सिर्फ तीन महिला मंत्री रह गई हैं। यह महिलाओं के साथ अन्याय है। सुरेखा को हटाने पर कांग्रेस से भाजपा का सवाल मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को कोंडा सुरेखा को तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से हटा दिया था। यह फैसला सुरेखा की बेटी की ओर से मुख्यमंत्री और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर हुए विवाद के बीच लिया गया। सुरेखा ने कार्रवाई को गलत बताते हुए रेवंत रेड्डी पर ‘ब्लैकमेल की राजनीति’ करने का आरोप लगाया था। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने कहा कि यही खड़गे हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर महिलाओं के लिए 33% आरक्षण जल्द लागू करने की मांग की थी। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण की बात करती है, लेकिन उसके अपने राज्यों में महिलाओं को मंत्री पद देने की स्थिति अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विचार, बयान और काम, तीनों में महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर विरोधाभास दिखाई देता है। राहुल के ‘स्मैश पैट्रिआर्की’ के नारे पर सुधांशु तंज सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के ‘स्मैश पैट्रिआर्की’ यानी पितृसत्ता खत्म करने के नारे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह नारा लगाती है, लेकिन दूसरी तरफ महिला मंत्रियों को एक-एक करके हटाया जा रहा है। सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के रिकॉर्ड की तुलना केंद्र की मोदी सरकार से की। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी की सरकार में देश के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा महिला मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मामले में मोदी सरकार का रिकॉर्ड कांग्रेस से अलग है।
झारखंड परीक्षा मामले पर भी कांग्रेस को घेरा त्रिवेदी ने झारखंड में सहायक वन संरक्षक और वन क्षेत्र पदाधिकारी की भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनके मुताबिक परीक्षा के प्रश्नपत्र स्ट्रॉन्ग रूम से निकाले गए और उनमें बदलाव किया गया। भाजपा नेता ने इसे सिर्फ ‘पेपर लीक’ नहीं, बल्कि ‘पेपर लूट’ बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वाली राजनीतिक पार्टियां झारखंड के मामले में चुप हैं। त्रिवेदी ने इस चुप्पी पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेताओं की तुलना ‘गांधी जी के तीन बंदरों’ से की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मामले में न कुछ देखना चाहते हैं, न सुनना और न ही बोलना। उनके मुताबिक, झारखंड के अभ्यर्थियों और देशभर के छात्रों के बीच इस चुप्पी को लेकर नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सामने आए तथ्य छात्रों के हितों को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ‘हकीकत’ दिखाते हैं। कांग्रेस के मुकाबले BJP शासित राज्यों में महिला मंत्रियों की संख्या ज्यादा कांग्रेस की चार राज्य सरकारों में महिला मंत्रियों की संख्या 3 है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में 0, केरल में 2 और तेलंगाना में 1 महिला मंत्री है। कांग्रेस के गठबंधन वाली सरकारों में झारखंड में 2 और जम्मू-कश्मीर में 1 महिला मंत्री हैं। वहीं BJP या NDA शासित राज्यों में पश्चिम बंगाल में 7, उत्तर प्रदेश में 6, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में 5-5, बिहार में 4, गुजरात में 3, हरियाणा और राजस्थान में 2-2 और छत्तीसगढ़ में 1 महिला मंत्री हैं। —————————– यह खबर भी पढ़ें… केरलम में महिला कांग्रेस विधायक के साथ हाथापाई:कार्यकर्ताओं ने हाथ मरोड़ा, धक्का-मुक्की की; राम्या हरिदास अस्पताल में भर्ती, 7 लोगों पर FIR केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के चिरयिनकीझु में शुक्रवार रात कांग्रेस विधायक राम्या हरिदास और स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। झड़प का वीडियो भी सामने आया है। इसमें राम्या के साथ कुछ लोग हाथापाई करते दिख रहे हैं। लोगों ने विधायक का हाथ पीछे की ओर मरोड़ दिया। वीडियो में विधायक अपना हाथ छोड़ने के लिए कहती हैं और सामने मौजूद व्यक्ति से पूछती हैं कि वह कौन है। घटना के बाद विधायक को चिरयिनकीझु तालुक अस्पताल में इलाज कराया। पूरी खबर पढ़ें…

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button