सीजी- सीजी: 195वीं बटालियन सीआरपीएफ ने मनाया 20वां स्थापना दिवस, शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि; विजेताओं का सम्मान – INA

जगदलपुर। 195वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) बारसूर, दंतेवाड़ा द्वारा 3 सितंबर को बटालियन का 20वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बटालियन मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। 195वीं बटालियन CRPF की स्थापना 3 सितंबर 2007 को भोपाल, मध्य प्रदेश में हुई थी। वर्तमान में बटालियन छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा एवं बीजापुर जिले के अत्यंत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। बटालियन द्वारा क्षेत्र में लगातार नक्सल विरोधी अभियानों, कानून-व्यवस्था में सहयोग तथा सिविक एक्शन कार्यक्रमों के माध्यम से शांति एवं सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में भी बटालियन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कमांडेंट ने दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं
स्थापना दिवस के अवसर पर अनिल कुमार सिंह, कमांडेंट, 195वीं बटालियन CRPF ने सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी कार्मिकों से आह्वान किया कि वे क्षेत्र की जनता की हरसंभव सहायता एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहें तथा अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करें।
शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
इस मौके पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात विशेष सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं सेवाओं की सराहना की गई। इस अवसर पर वीरता के लिए Police Medal for Gallantry से सम्मानित विश्वरंजन, द्वितीय कमान अधिकारी एवं सिपाही गणेश पाल को कमांडेंट द्वारा शॉल एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़ें- सागर में गरीबों के राशन पर डाका?: पांच उचित मूल्य दुकानों में लाखों के खाद्यान्न का गबन, विक्रेताओं पर एफआईआर
खेल-कूद प्रतियोगिताओं में जवानों ने लिया हिस्सा
इसके अतिरिक्त जवानों के मध्य विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थापना दिवस के अवसर पर अधिकारियों एवं जवानों के लिए सामूहिक बड़े खाने का भी आयोजन किया गया। इस दौरान सभी ने एक साथ भोजन कर आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं टीम भावना को मजबूत किया।
अधिकारी और जवान रहे मौजूद
कार्यक्रम में अनिल कुमार सिंह, कमांडेंट, विश्वरंजन, द्वितीय कमान अधिकारी, राज कुमार, डिप्टी कमांडेंट, संजीव कुमार, डिप्टी कमांडेंट, डॉ. ऋषभ तोमर, एमओ, संजीत कुमार, सहायक कमांडेंट सहित बटालियन के सभी अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।