सीजी- CG: त्योहारों से पहले ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, 100 से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई; 45700 रुपये जुर्माना वसूला – INA

जगदलपुर में त्योहारों का सीजन शुरू होते ही शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने लगा है। एक ओर जहां यातायात पुलिस यातायात व्यवस्था में किसी तरह की रुकावट न हो, इसके लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं शहर के युवा वर्ग में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के मामले भी सामने आ रहे हैं। कई लोग तीन सवारी के साथ-साथ बिना हेलमेट पहने शहर की सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे थे। इस पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 100 से अधिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।

बता दें कि, जगदलपुर में त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

बिना हेलमेट और तीन सवारी वालों पर कार्रवाई

इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करीब 100 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 45,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें-  CG: जेन जी का असर; कांग्रेस को घेरने और जवाब देने के लिये सोशल मीडिया पर एक्टिव हुई बीजेपी, ली वर्चुअल मीटिंग

चौराहों पर मचा हड़कंप

यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के तमाम चौक-चौराहों पर हड़कंप की स्थिति बन गई। कई लोगों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेकर आवागमन किया। फिलहाल पुलिस ने अभियान के दौरान किसी भी तरह की रियायत नहीं बरती और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।


Credit By Amar Ujala

Back to top button