खबर शहर , Agra News: घुटनों तक पानी पार कर स्कूल पहुंचे बच्चे, वीडियो वायरल – INA

बाह। जैतपुर विकास खंड के पुरा खुमानसिंह (मजरा पुरा गुमानसिंह) गांव के परिषदीय प्राथमिक विद्यालय के पास तालाब है। बारिश के चलते उफने तालाब का पानी स्कूल के रास्ते पर भर गया है। घुटनों तक भरे पानी को पार कर बच्चों के स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में बच्चे एक दूसरे का हाथ थामे अपनी जान जोखिम में डाल कर पानी भरे रास्ते से निकलते हुए दिख रहे हैं। पानी की गहराई का पता करने के लिए एक छात्र हाथ में डंडी लिए दिख रहा है।
वायरल वीडियो में बस्ती के घरों तक भरे तालाब के पानी को लेकर भी अभिभावक सवाल उठा रहे हैं। स्कूल के करीब 60 मीटर लंबे रास्ते पर तालाब का पानी भरा है। जिससे बच्चों के लिए स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया है। अभिभावकों का कहना है कि छोटे बच्चों को इस तरह जलभराव से होकर स्कूल भेजना जोखिम भरा है। किसी बच्चे के बहने या फिसलने की आशंका से परिवार चिंतित हैं। गांव के जितेंद्र सिंह भदौरिया, अवधेश भदौरिया, शुभम, सुभाष भदौरिया, देवेन्द्र भदौरिया, भूपेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, श्रीकांत भदौरिया ने पानी की निकासी कराकर स्कूल के रास्ते को साफ कराने एवं जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराए जाने की मांग की है।
वर्जन-
तालाब के पानी की निकासी कराई थी। यदि फिर से तालाब का पानी स्कूल के रास्ते पर भरा है, तो निकासी के साथ ही सफाई कराई जाएगी। रास्ते में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान के लिए कार्य याेजना में शामिल किया जाएगा।- नीरज तिवारी, खंड विकास अधिकारी, जैतपुर कला