सीजी- Korba News: रास्ता खाली करने को लेकर हुए विवाद में ऑटो चालक पर जानलेवा हमला, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस – INA

शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाजार में देर रात ऑटो चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात कुछ युवक सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ऑटो चालक ने युवकों से रास्ता खाली करने और साइड होने की बात कही। इसी छोटी सी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई और चाकूबाजी तक पहुंच गई। आरोप है कि युवकों ने ऑटो चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और स्थानीय दुकानदार ने तुरंत घायल ऑटो चालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

ये भी पढ़ें: Bilaspur News: बिलासपुर में आज से निकलेगी श्रीराम श्रद्धा यात्रा,तीन दिनी कार्यक्रम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में हमला करते हुए दिख रहे युवकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने घटना को लेकर पुलिस गश्त पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय असामाजिक तत्व खुलेआम सड़कों पर बैठते हैं, शराब पीते हैं और आए दिन मारपीट व चाकूबाजी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इससे आम नागरिकों में भय का माहौल है। बुधवारी बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में भी रात को सुरक्षा व्यवस्था नदारद रहती है।

चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल का बयान दर्ज करने के बाद मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मांग की है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए और बुधवारी बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट लगाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


Credit By Amar Ujala

Back to top button