सीजी- दर्दनाक सड़क हादसा: कोटमी में अज्ञात बाइक ने युवक को मारी टक्कर, सड़क पर गिरते ही हुई मौत, आरोपी फरार – INA

पेंड्रा थाना क्षेत्र की कोटमी चौकी अंतर्गत कोटमी रेस्ट हाउस के पास मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में मृतक की पहचान मूढ़ापारा अंधियारखोर निवासी रमन राजपूत के रूप में हुई है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश और घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रमन राजपूत अपनी बाइक से किसी काम के सिलसिले में जा रहा था। इसी दौरान कोटमी रेस्ट हाउस के पास मुख्य मार्ग पर पीछे से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रमन सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
ये भी पढ़ें: CG: ‘पुलिस की रेड पड़ी है, गहने उतार लो’; कोरबा में रिटायर्ड कर्मचारी से नकली पुलिस ने ठगे सोने के गहने
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की हालत बेहद गंभीर थी। बताया जा रहा है कि गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। वहीं हादसे में शामिल अज्ञात बाइक और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान और तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।