सीजी- Raipur: घर के सामने नशा करने से रोका तो भड़के पिता-पुत्र, रायपुर में चाकू से हमला कर तीन को किया घायल – INA

राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पारस नगर इलाके में घर के सामने नशा करने से मना करने पर पिता-पुत्र ने एक ही परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पारस नगर निवासी अरुण साहू ने मोहल्ले में घर के सामने नशा कर रहे साहिल खान को वहां से हटने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और साहिल खान ने अपने पिता इस्माइल के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटा अनुज साहू घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अरुण और अनुज को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस, एसीपी कोतवाली और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इलाके में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।