देश – श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर से 78 ग्राम सोना हुआ गायब? हीरे के 'वैरा नामा' की चर्चा – #INA

श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के प्रबंधन ने मीडिया में आई उन खबरों को बुधवार को ‘झूठा और बेबुनियाद’ बताते हुए खारिज कर दिया, जिनमें मंदिर परिसर से कीमती सामान गायब होने और वहां सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का दावा किया गया है। मंदिर प्रबंधन का यह स्पष्टीकरण मीडिया के एक वर्ग में आई उन खबरों के मद्देनजर आया है, जिनमें कहा गया है कि वहां चढ़ावे के रूप में प्राप्त लगभग 78 ग्राम सोने की छड़ें और सिक्के गायब हो गए हैं।
नाराज हुआ मंदिर प्रबंधन
श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कीमती सामान के गायब होने, भक्तों के चढ़ाए प्रसाद के अनुचित प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में चूक के आरोपों को ऐतिहासिक मंदिर की छवि खराब करने और जनता को गुमराह करने का ‘दुर्भावनापूर्ण’ प्रयास करार दिया। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के खजाने को उच्चतम स्तर की सुरक्षा और श्रद्धा के साथ संरक्षित किया जाता है।’
CCTV से निगरानी, कर्मचारियों की होती है तलाश
इसमें कहा गया है कि मंदिर की सुरक्षा इकाई और पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से लगातार परिसर की निगरानी करती है और जरूरत पड़ने पर मूल्यवान वस्तुओं को केवल सुरक्षा अधिकारियों को उचित सूचना देने के बाद उनकी मौजूदगी में ही ले आया या ले जाया जाता है। विज्ञप्ति के मुताबिक, मंदिर परिसर में प्रवेश करते समय और वहां से बाहर निकलते वक्त कर्मचारियों की जामा तलाशी ली जाती है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि मंदिर में चोरी या हेरफेर की कोई घटना नहीं हुई है।
खबरों में दावा किया गया है कि राज्य पुलिस प्रमुख की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव को भेजे गए एक पत्र की प्रति सामने आई है, जिसमें मंदिर में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियों की ओर इशारा किया गया है।
हीरे के आभूषण की चर्चा
एजेंसी वार्ता के अनुसार, मंदिर के संग्रह से भक्तों द्वारा दान किया गया लगभग 78 ग्राम सोना और ‘वैरा नामा’ नामक हीरे का आभूषण गायब बताया जा रहा था। इस मामले को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए राज्य पुलिस प्रमुख ने गृह सचिव को स्थिति का विस्तृत विवरण देते हुए एक रिपोर्ट सौंपी है। खबरों के मुताबिक, पुलिस ने मंदिर के अमूल्य खजानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि गर्भगृह में पारंपरिक रूप से रखा जाने वाला हीरे जड़ा आभूषण ‘वैरा नामा’ कुछ समय से लापता है। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, आभूषण को कई महीने पहले मरम्मत के लिए बाहर ले जाया गया था। एक अन्य मामले में, लगभग छह महीने पहले मरम्मत के लिए हटाया गया सोने का दीपक अभी तक वापस नहीं लौटाया गया है।
पुलिस ने सुरक्षा उपाय बताए
इस विवाद के बीच, पुलिस महानिदेशक ने मंदिर की बहुमूल्य संपत्तियों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से सख्त सुरक्षा संबंधी सिफारिशें जारी की हैं। इन निर्देशों में भूमिगत तिजोरियों के बाहर रखी सभी सोने-चांदी की वस्तुओं को जल्द से जल्द सुरक्षित कक्षों में स्थानांतरित करना, भक्तों द्वारा चढ़ाए गए सभी चढ़ावों को लॉकर में सुरक्षित रखना और बहुमूल्य वस्तुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना शामिल है।
ये नए आरोप सबरीमाला मंदिर में कथित अनियमितताओं से जुड़ी पिछली खबरों के संदर्भ में सामने आए हैं, जहां सोने से संबंधित गड़बड़ियों ने विवाद खड़ा कर दिया था। पिछले कुछ महीनों में केरल के अन्य मंदिरों में भी सोने और नकदी के कथित नुकसान की ऐसी ही खबरें सामने आई हैं।
#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY
डिस्क्लेमरः यह लाइव हिंदुस्तान डॉट कॉम न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ आई एन ए टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी लाइव हिंदुस्तान डॉट कॉम की ही होगी.