Crime- खून से सने रिश्ते: जायदाद के लिए पोते ने लांघी सारी हदें, हांसी में दादा की निर्मम हत्या, लाठी-डंडों से वार -#INA

गांव कुंभा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। गांव के 80 वर्षीय बरखा राम की उनके पोते अंकित ने डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने बुआ की शिकायत पर भतीजे के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, आरोपी पोते को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद जमीन को लेकर बताया जा रहा है।
घटना वीरवार देर रात करीब 10 बजे की है। बुजुर्ग को पहले उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उनके परिजन मौके पर पहुंचे। बरखा राम अधिकतर समय अपनी बेटियों के पास रहते थे और करीब 15 दिन पहले ही गांव लौटे थे। पुलिस को दी शिकायत में हिसार के सेक्टर 1 निवासी कमलेश ने बताया कि वह दो भाई व तीन बहने हैं। तीनों बहने हिसार में शादीशुदा हैं। पिता बरखा राम गांव में अपने बेटे रामफल के पास रहते थे। वीरवार रात करीब दस बजे उन्हें सूचना मिली की अंकित ने उनके पिता बरखा राम को चोट मारी है। जिसको उपचार के लिए हांसी लेकर गए हैं।
सूचना पर वह अपनी बहन चंद्रपति के साथ हिसार से कुंभा में रात करीब साढ़े 12 बजे पहुंचीं। तब उन्हें आस-पड़ोस के लोगों ने बताया कि उनके पिता को अंकित ने डंडों से चोट मारकर हत्या की है। उनके पिता ने उन्हें पहले ही बतलाया था कि अंकित उसे मकान को अपने नाम करवाने के लिए बार-बार तंग करता है। न ही समय पर खाना खाने देता है और बात-बात पर उसे घर से निकालने की धमकी देता है। उनके अनुसार अंकित ने ही डंडे से चोट मारकर उनकी हत्या की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राथमिकी में अंकित पुत्र रामफल पर डंडा से चोट मारकर पिता बरखा राम की हत्या का आरोप लगाया है।मृतक परिजन ओमप्रकाश ने बताया कि बुजुर्ग को दैनिक जीवन के काम करने से भी रोका जाता था और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। जमीन विवाद की बात को लेकर दादा, पोते, बेटा और पुत्रवधू के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अंकित ने बरखा राम पर हमला कर दिया।
आरोप है कि लाठी-डंडों से की गई मारपीट में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोटें आईं जिससे उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि परिवार के लोग बरखा राम के साथ अक्सर मारपीट करते थे और उन्हें ठीक से खाना भी नहीं देते थे। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद ने बताया कि गंभीर रूप से घायल बरखा राम को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।