Crime- अमृतसर में लूट: बदमाशों ने निजी गोदाम को बनाया निशाना, सुरक्षा कर्मियों को बंदी बनाकर लूटा 357 बोरी गेहूं -#INA

अमृतसर के कस्बा मजीठा में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक निजी एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाया।

बदमाशों ने सुरक्षा गार्डों को हथियारों के बल पर धमकाकर एक कमरे में बंद कर दिया और इसके बाद गोदाम से गेहूं की 357 बोरियां गाड़ी में लादकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपों का नाम कश्मीर सिंह है और वह वेरका का रहने वाला है। उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता आशीष महाजन ने बताया कि वह खाद्य एवं सिविल सप्लाई विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है और उसके पास मजीठा सर्कल में जिम्मेदारी है। मजीठा सर्कल में कई निजी एजेंसियों के गोदाम हैं, जहां अनाज का भंडारण किया जाता है।

संबंधित एजेंसी के गोदाम की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए थे। रात करीब 1:15 बजे कई अज्ञात व्यक्ति तेजधार हथियार लेकर गोदाम में दाखिल हुए। बदमाशों ने वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों को जान से मारने की धमकियां दीं। हथियारों के बल पर गार्डों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने एजेंसी के गोदाम में रखा गेहूं बाहर निकालना शुरू कर दिया।

बदमाशों ने गेहूं की बोरियां एक वाहन में लादीं और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद जब पुलिस और संबंधित लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्टॉक की जांच की तो गेहूं की 357 बोरियां कम मिलीं। पुलिस ने आसपास के लोगों और सुरक्षा गार्डों से पूछताछ करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि वारदात कश्मीर सिंह निवासी वेरका और उसके साथियों ने वाहन नंबर PB02-EP-2706 से की थी। पुलिस ने कश्मीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच . बढ़ा दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूटी गई गेहूं की बोरियां कहां ले जाई गईं और वारदात में कितने लोग शामिल थे। साथ ही घटना में इस्तेमाल वाहन और हथियारों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button