Crime- अंबाला में पत्नी की हत्या: पति ने छुरी से पेट और छाती पर किया वार, चरित्र पर शक ने उजाड़ा घर -#INA

अंबाला में बलदेव नगर के गुरुनानक नगर में चरित्र पर शक के चलते एक युवक ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी की छुरी से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटियाला के धीरू नगर निवासी नन्नू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी बहन हिना की शादी करीब 13 साल पहले बहादुरगढ़ निवासी बंटी के साथ हुई थी। वे गुरुनानक नगर में किराये पर रह रहे थे। बंटी शकी मिजाज का है और अक्सर हिना पर शक करते हुए मारपीट करता था।
रविवार शाम करीब 4:30 बजे नशे में धुत्त बंटी ने हिना से झगड़ा शुरू कर दिया। जब हिना ने तंग आकर तलाक की बात कही, तो आरोपी ने रसोई से छुरी उठाकर उसके पेट व छाती पर तीन से चार वार कर दिए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने हिना को मृत घोषित कर दिया।