दिल्ली होटल अग्निकांड, सीएम ने बुलाई उच्चस्तरीय मीटिंग:अवैध होटल, गेस्ट हाउस और अनधिकृत निर्माणों पर चलेगा अभियान, दोषियों को नहीं मिलेगी राहत- INA NEWS

नईदिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल अग्निकांड जैसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा अनधिकृत निर्माणों और अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सीएम रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। सरकार ने इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि मालवीय नगर अग्निकांड के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी भवन मालिक, अधिकारी अथवा अन्य दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम का कहना है कि राजधानी में जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा मानकों के अनुपालन, प्रभावी निगरानी व्यवस्था और जवाबदेह तंत्र सहित सभी पहलुओं पर समग्र रूप से काम करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके और दिल्ली को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके। घटना के पीछे रही कमियों की गंभीरता से जांच होगी दिल्ली सचिवालय में आयोजित होने वाली बैठक में दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, दिल्ली नगर निगम, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद, डीडीए, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली जल बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सीएम ने कहा है कि मालवीय नगर के एक गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग की घटना के पीछे रही कमियों की गंभीरता से जांच की जाएगी और जिसकी भी जवाबदेही बनती है, उसे निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि राजधानी में अवैध संपत्तियों, बिना अनुमति संचालित हो रहे होटलों एवं गेस्ट हाउसों तथा उन सभी संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो अग्नि सुरक्षा नियमों और भवन उपविधियों (बिल्डिंग बायलॉज) का उल्लंघन कर रहे हैं। सीएम ने बताया कि इस मामले में विभिन्न विभागों से विस्तृत जानकारी ले रही हैं और ऐसे हादसों के कारणों के साथ-साथ संबंधित विभागों तथा अधिकारियों की जवाबदेही भी तय कर रही हैं।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |