दिल्ली – LPG Price Hike: घरेलू गैस सिलिंडर 29 रुपये महंगा, विपक्षी दलों ने सरकार को घेरा; अखिलेश यादव का शायराना तंज – #INA

एलपीजी गैस सिलिंडर की कीमत में बढ़ोतरी के बाद विपक्ष एक बार फिर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमलावर है। इसीक्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी ने सरकार को घेरा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शायराना अंदाज में सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ, भाजपा से अब तो, हर आस गई टूट।’

इससे पहले, कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट किया, ‘महंगाई मैन मोदी’ का चाबुक फिर चला है। अब घरेलू गैस सिलिंडर 29 रुपये महंगा कर दिया गया। मोदी का फंडा साफ है- जनता से वसूली करो, अमीर दोस्त की तिजोरी भरो।’

बता दें कि सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की कीमत में 29 रुपये की वृद्धि की है। इसके साथ ही, दिल्ली में सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की नई कीमत आज यानी सात जून से लागू हो जाएगी। इससे पहले एक जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी। तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी के दाम में 42 रुपये की वृद्धि की थी।

जून में हुई इस बढ़ोतरी को मिलाकर बीते पांच महीनों में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। फरवरी में कमर्शियल एलपीजी की कीमत में 49 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद मार्च में 115 रुपये की एक और वृद्धि हुई।

बीते दिनों दिल्ली और आसपास के इलाकों में कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की कीमत में भी दो रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई थी। 15 मई से सीएनजी की कीमतों में चार अलग-अलग संशोधनों के जरिए कुल छह रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई।


Credit By Amar Ujala

Back to top button