UP News: शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते ही बरसीं गोलियां – INA

Shamli News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सदर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने चर्चित हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि अंकित रोजाना की तरह जिम गए थे. शाम करीब 6:45 बजे जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने 20 से ज्यादा राउंड फायर किए. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गोलियां लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

जिम से बाहर निकलते ही किया हमला

जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान शाम करीब 6:45 बजे जिम से बाहर आए थे. इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया. हमलावरों ने बेहद कम समय में ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. घटना सदर कोतवाली क्षेत्र की नाला पटरी के पास की बताई जा रही है. दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी.

ये भी पढे़ं- असद का एनकाउंटर होगा तभी बेटे का अंतिम संस्कार करूंगी 14 साल के आयुष की मां की दो टूक

भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान गाने से मिली पहचान

अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान रखते थे. उनका गाना भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान काफी चर्चित हुआ था. इस गाने के बाद उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में खास पहचान मिली. अंकित मूल रूप से शामली के बनतीखेड़ा के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वह हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी काम कर चुके थे. उनकी हत्या की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और परिचितों में शोक की लहर है.

2023 में रोड शो को लेकर भी आए थे चर्चा में

अंकित बालियान इससे पहले भी विवादों के चलते सुर्खियों में रहे थे. जुलाई 2023 में शामली में उनके काफिले के रोड शो के मामले में पुलिस ने अंकित समेत करीब 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. इसके अलावा यह भी जानकारी सामने आ रही है कि अंकित जिला पंचायत का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे. हालांकि उनकी हत्या का इन बातों से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा.

अंकित बालियान की हत्या क्यों की गई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने सिंगर को ही क्यों निशाना बनाया. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या हमलावरों ने पहले से उनकी रेकी की थी. जिस तरह जिम से बाहर निकलते ही अंकित पर हमला किया गया, उससे आशंका है कि हमलावरों को उनकी दिनचर्या और जिम से निकलने के समय की जानकारी थी. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर किस वाहन से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए. फिलहाल पुलिस की कई टीमें हमलावरों की तलाश में लगी हैं. हत्या की वजह, हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते ही बरसीं गोलियां


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button