'बेटे की कमाई खुद पर खर्च करवाती थी गर्लफ्रेंड':पिता बोले- बेटे ने रोते हुए कहा, धोखा मिला; फिर फरीदाबाद नहर में कूदा- INA NEWS

फरीदाबाद में आगरा नहर में कूदकर सुसाइड करने वाले हेयर स्टाइलिस्ट नकुल (22) के मामले में नया खुलासा हुआ है। नकुल के पिता के मुताबिक, 10वीं कक्षा में उसकी युवती से मुलाकात हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती रही और करीब तीन साल पहले दोनों रिलेशनशिप में आए थे। दोनों के परिवारों को भी उनके रिश्ते की जानकारी थी। नकुल के पिता ने बताया कि 10वीं के बाद उसने हेयर कटिंग का डिप्लोमा किया और फरीदाबाद के एक सैलून में काम करने लगा। पिता का आरोप है कि नकुल की कमाई का ज्यादातर हिस्सा युवती अपने ऊपर खर्च करवाती थी। नकुल घर पर पैसे नहीं देता था और गर्लफ्रेंड के कहने पर उसके लिए महंगे मोबाइल, कपड़े और अन्य सामान खरीदा था। पिता ने आरोप लगाया कि 20 अगस्त की शाम नकुल ने अपनी गर्लफ्रेंड के मोबाइल में किसी तीसरे युवक के साथ चैट देख ली। इससे वह काफी आहत हो गया और उसे लगा कि युवती उसे धोखा दे रही है। नकुल रोता हुआ कह रहा था कि वह उसे धोखा दे रही है। इसके बाद उसने रात करीब 8 बजे आगरा नहर में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। नकुल के पिता ने दिल्ली के जैतपुर थाने में युवती के खिलाफ शिकायत दी है। अब जानिए युवक के पिता, भाई और दोस्त ने क्या बताया… पापा को फोन कर पूरी बात बताई नकुल के भाई योगेश ने बताया कि शाम करीब 7 बजे नकुल युवती को मीठापुर में उसके घर छोड़ने के बाद अपने घर नहीं पहुंचा। वहां से वह सीधे आगरा नहर पहुंचा और पापा को फोन कर पूरी बात बताई। परिवार ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन उसने फोन काटकर मोबाइल बंद कर लिया। नहर के आसपास काफी तलाश करने के बाद परिजन दिल्ली के जैतपुर थाने पहुंचे। इसी दौरान फरीदाबाद पुलिस की ओर से नहर से शव बरामद होने का मैसेज मिला। दिल्ली पुलिस के साथ परिजनों ने शव की पहचान की तो पता चला कि वह कोई और नहीं, बल्कि नकुल का ही शव था। पिता मेडिकल लाइन में करते हैं काम नकुल के पिता हरिशंकर मेडिकल लाइन से जुड़े हुए हैं। वह मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ घरों पर मरीजों की देखभाल के लिए स्टाफ मुहैया कराने का काम करते हैं। दिल्ली के जैतपुर थाना SHO सुनील कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से शिकायत दी गई है। युवती से जुड़े मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button