सीजी- बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी: रायपुर में 7-8 अक्टूबर को रोजगार मेला, 8 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती का मौका – INA

छत्तीसगढ़ के बेरोजगार और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजधानी रायपुर में सात और आठ अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में आठ हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब करेंगे।
निजी कंपनियां और बड़े उद्योग होंगे शामिल
रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्तियों के लिए कंपनियां युवाओं से आवेदन लेंगी और उनकी योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया . बढ़ाएंगी।
विभाग के सचिव बसवराजू एस. के अनुसार, रोजगार मेले का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों और उद्योगों से सीधे जोड़ना है। इसके जरिए युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध नौकरी के अवसरों की जानकारी और आवेदन का अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन पंजीयन और वैकेंसी की जानकारी
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी हासिल कर सकते हैं और अपना पंजीयन करा सकते हैं। युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप विभिन्न पदों के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
चयनित युवाओं को मिलेगा ऑफर लेटर
राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित उम्मीदवारों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर उपलब्ध कराने की भी तैयारी की गई है। इससे चयनित युवाओं को रोजगार से जुड़ने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
गांवों और शहरों तक पहुंचाई जा रही जानकारी
रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। संबंधित विभागों और जिलों को भी युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने तथा उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का लक्ष्य इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। रोजगार मेला युवाओं के लिए कंपनियों से सीधे संपर्क करने और अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी हासिल करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है।