खबर शहर , पीएसी को बड़ा तोहफा: 200 जवानों की क्षमता वाली मिली नई बैरक, डीजी पीएसी आलोक सिंह ने किया उद्घाटन – INA

पंद्रहवीं वाहिनी पीएसी को 200 जवानों की क्षमता वाली नई बैरक मिल गई हैं। इनमें भोजनालय से लेकर स्नानागार तक हैं। बृहस्पतिवार को डीजी पीएसी आलोक सिंह ने इसका उद्घाटन किया। अस्पताल और सेनानायक कार्यालय भी बनाया गया है।

डीजी के आगमन पर पीएसी के गार्ड ने सलामी और बैंड ने संगीतमय प्रस्तुति दी। बाद में मेट्रो की ओर से बनाए गए अस्पताल, कार्यालय और बैरक का उद्घाटन किया। उन्होंने पाैधरोपण भी किया। 25-25 जवानों की क्षमता के आठ बैरक बनाई गई हैं। भवन में भूतल पर भोजनालय है। इसके बाद दो मंजिल पर बैरक हैं।

सेनानायक नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 5 साल पहले मेट्रो का निर्माण कार्य शुरू होने पर पीएसी की बैरकों को तोड़ दिया गया था। जल्द ही 200 की क्षमता की और बैरक बनेगी। कार्यक्रम में एडीजी आगरा जोन सुवेंद्र कुमार भगत, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी पश्चिमी जोन मुरादाबाद डॉ. मनोज कुमार सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक पीएसी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल, पुलिस उप महानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी माैजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button