खबर शहर , Agra: रेस्तरां में सुलग रहीं कोयले की भट्ठियां, पानी डालकर बुझाई भट्ठी की आग; जुर्माना भी वसूला – INA

ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) में कोयले की भट्ठी जलाने पर रोक के बाद भी फतेहाबाद रोड पर टीडीआई माॅल के निकट उड़ता पंजाब रेस्तरां में इसका उपयोग किया जा रहा था। नगर निगम के टास्क फोर्स ने छापा मारा तो मौके पर कोयले से भट्ठी जलती हुई पाई गई। इस पर निगम की टीम ने संचालक पर आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाया और भट्ठी को पानी डालकर बुझा दिया। संचालक को दोबारा कोयले का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई है।

प्रभारी जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में उड़ता पंजाब रेस्तरां पर पहुंचे नगर निगम टास्क फोर्स सदस्यों को खाना पकाने के लिए कोयले की भट्ठी संचालित होती मिली। टीम ने संचालक को एनजीटी के आदेश और टीटीजेड में प्रदूषण नियंत्रण के तहत कोयले और लकड़ी जलाने पर प्रतिबंध के बारे में पूछा। संचालक पर 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर तत्काल वसूला गया।

इसके बाद आसपास के रेस्तरां और ढाबों ने टीम के आने से पहले ही अपने तंदूर बुझा दिए। टीम ने इसके बाद फतेहाबाद रोड पर निमार्णाधीन होटल अकबर इंटरनेशनल में फर्श आदि की घिसाई के दौरान निकलने वाली गंदगी देखी तो होटल स्वामी से पूछताछ की। होटल स्वामी ने बताया कि मजदूरों ने कलाकृति रोड पर फर्श की घिसाई में निकली गंदगी फेंक दी थी। इस पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि कोयला या लकड़ी जलाकर प्रदूषण फैलाने वाले रेस्तरां, होटल आदि प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रहेगी। टीम से कहा है कि एनजीटी के आदेश का पालन कराने के लिए इस पर सख्ती की जाए।


Credit By Amar Ujala

Back to top button