खबर शहर , Agra News: पंजीकरण में छोटी सी गलती लगा सकती है खिलाडि़यों के क्रिकेट पर ब्रेक – INA

आगरा। क्रिकेटरों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन इसमें बरती गई जरा सी भी लापरवाही खिलाड़ियों पर भारी पड़ सकती है। आयु वर्ग के खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र से लेकर स्कूल रिकॉर्ड तक सभी दस्तावेज में नाम और जन्मतिथि का सटीक मिलान अनिवार्य कर दिया गया है। अंतर पाए जाने पर खिलाड़ी को बीसीसीआई और राज्य संघ के टूर्नामेंटों से दो साल के लिए प्रतिबंधित किया जा सकता है।

पंजीकरण के लिए कंप्यूटर जेनरेटेड मूल जन्म प्रमाणपत्र, पिछले तीन शैक्षणिक वर्षों की मूल स्कूल मार्कशीट और चालू शैक्षणिक वर्ष का बोनाफाइड प्रमाणपत्र जरूरी है। मैट्रिक, इंटरमीडिएट, स्नातक या परास्नातक के प्रमाणपत्र भी मूल रूप में रखने होंगे। पहचान के लिए अपडेटेड आधार कार्ड, पासपोर्ट या वोटर आईडी में से मान्य दस्तावेज और दो हालिया रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी आवश्यक हैं। आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा, आखिरी समय का इंतजार न करें। सभी मूल दस्तावेज जांच लें और सुनिश्चित करें कि वे सभी ठीक हैं। आयु वर्ग की क्रिकेट में दस्तावेजों की शुद्धता बेहद महत्वपूर्ण है। अभिभावक जन्म प्रमाणपत्र, स्कूल रिकॉर्ड और आधार की जानकारी जरूर मिला लें।

आधार भी रखें अपडेट

आधार कार्ड हाल की फोटो के साथ अपडेट होना चाहिए। यूआईडीएआई का अपडेटेड फोटो और क्यूआर कोड वाला पीवीसी आधार कार्ड मान्य फोटो आईडी के रूप में स्वीकार किया जाएगा। पंजीकरण से पहले इसमें दर्ज नाम और जन्मतिथि की भी जांच कर लेनी चाहिए। खिलाड़ी को पिछले तीन शैक्षणिक वर्षों की अंकतालिका देनी होगी। इनमें जन्मतिथि दर्ज नहीं होने पर संबंधित वर्षों के स्कूल बोनाफाइड प्रमाणपत्र भी देने होंगे।

फर्जीवाड़े पर लग सकता दो साल का बैन

जन्मतिथि से जुड़े दस्तावेज में फर्जीवाड़ा मिलने पर खिलाड़ी को अयोग्य घोषित कर दो साल के लिए बीसीसीआई और राज्य क्रिकेट संघ के टूर्नामेंटों से प्रतिबंधित किया जा सकता है। प्रतिबंध के बाद भी आयु वर्ग के बीसीसीआई टूर्नामेंटों में खेलने की अनुमति नहीं होगी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button