खबर शहर , Agra News: टखने पर लगी गेंद तो आगरा में बढ़ी धड़कनें, ध्रुव की आवाज ने पिता को दी राहत – INA

आगरा। गाले टेस्ट में बेटे ध्रुव जुरैल के टखने पर गेंद लगने की खबर ने मंगलवार रात आगरा में उनके परिवार की चिंता बढ़ा दी। शॉर्ट लेग पर फील्डिंग के दौरान चोटिल होकर ध्रुव के मैदान से बाहर जाने के बाद पिता नेम सिंह जुरैल ने रात में बेटे से फोन पर बात की। ध्रुव ने उन्हें बताया कि चोट गंभीर नहीं है और चिंता की कोई बात नहीं। बेटे की बात सुनने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।


श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान मानव सुथार की गेंद पर सोनल दिनूषा ने शॉट खेला। गेंद बल्ले के बीचोंबीच नहीं आई और शॉर्ट लेग पर खड़े ध्रुव के पैर से टकराकर टखने पर जा लगी। चोट लगते ही ध्रुव दर्द में नजर आए और कुछ देर बाद मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह सरफराज खान ने फील्डिंग की। ध्रुव की चोट ने आगरा के क्रिकेट प्रेमियों की चिंता इसलिए भी बढ़ाई, क्योंकि उन्होंने इसी टेस्ट की पहली पारी में शानदार अर्धशतक लगाकर टीम में अपनी वापसी को यादगार बनाया था। ध्रुव ने 68 गेंदों पर 51 रन बनाए और मुश्किल समय में भारतीय पारी को संभालने में अहम योगदान दिया। भारत ने पहली पारी में 460 रन बनाए।


Credit By Amar Ujala

Back to top button