खबर शहर , Agra News: आजमगढ़ ने लखनऊ को हराकर जीता सब-जूनियर फुटबॉल लीग का खिताब – INA

आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेशीय सब जूनियर बालक फुटबॉल टूर्नामेंट का सोमवार को समापन हो गया। खिताबी मुकाबले में आजमगढ़ मंडल ने स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ को 2-1 से शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं मेजबान आगरा के युवराज सिंह ने सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी का खिताब हासिल किया।
खेल निदेशालय और उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में 7 से 14 सितंबर तक प्रतियोगिता कराई गई। प्रदेश के 18 मंडलों समेत स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और सैफई की कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मैच की शुरुआत से ही आजमगढ़ ने आक्रामक खेल दिखाया। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी कुश यादव स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर निकेश आजमगढ़ रहे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री एसपीएस बघेल, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा और आगरा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने विजेता, उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। राज्यमंत्री बघेल ने कहा कि भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को 2026 से 2036 तक की दीर्घकालिक खेल कार्ययोजना बनाकर तैयारी करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के पर्यवेक्षक अजीत सिंह और निर्णायकों के पैनल की अहम भूमिका रही। संचालन हरदीप सिंह ने किया।