खबर शहर , Agra News: वॉलीबाल रेफरी के रूप में बाह के नरेंद्र ने बनाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान – INA

बाह। राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 अगस्त को अहमदाबाद में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने बाह के पुरा तिन्नेत (कैंजरा) गांव के डॉ. नरेंद्र सिंह क्षत्रिय को सम्मानित किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबाल रेफरी के रूप में पहचान बनाई है।


गुजरात के स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन एवं गुजरात खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में गुजरात के राज्यपाल ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित किया था। बाह के पुरा तिन्नेत (कैंजरा) के मोहन सिंह भदौरिया के बेटे डॉ. नरेंद्र सिंह क्षत्रिय 6 से 16 अगस्त तक चिली में आयोजित वॉलीबाल के वैश्विक टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए रेफरी नामित थे। वे गुजरात राज्य वॉलीबाल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष भी हैं। उनके मौसेरे भाई गौरव सिंह, गांव में वॉलीबाल के कोच अल्केंद्र सिंह जादौन एवं प्रगतिशील नेता पवन भदौरिया ने बताया कि डॉ. नरेंद्र सिंह राष्ट्रीय कार्यशालाओं में बतौर विशेषज्ञ खेल के नियमों एवं खिलाड़ियों के कौशल विकास पर व्याख्यान देते हैं। वॉलीबाल के रेफरी अरुण दुबे, मुकेश शर्मा, सर्वदमन सिंह भदौरिया ने उन्हें बधाई दी है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button