UP News: लखनऊ में स्वाइन फ्लू की दस्तक! एक दिन में मिले 4 नए मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट… जारी की एडवाइजरी – INA

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू के चार नए मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है. 31 अगस्त को चार नए रोगियों में संक्रमण की पुष्टि हुई. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विभाग का कहना है कि संक्रमण को लेकर घबराने या अनावश्यक पैनिक करने की जरूरत नहीं है, लेकिन लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही भी नहीं बरतनी चाहिए.
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि H1N1 संक्रमण खांसने और छींकने के दौरान निकलने वाली संक्रमित बूंदों के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैल सकता है. ऐसे में बुखार, जुकाम, खांसी और फ्लू जैसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की गई है. लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के खुद से दवा लेने से भी बचने को कहा गया है. विभाग ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति से इलाज कराने के बजाय प्रशिक्षित चिकित्सक या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से परामर्श लिया जाए. समय पर जांच और सही उपचार से संक्रमण की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है.
इन लोगों को ज्यादा सावधानी की जरूरत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. ऐसे लोगों में संक्रमण के बाद स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं बढ़ने का खतरा अधिक हो सकता है. इसलिए यदि इनमें फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें तो देरी किए बिना चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है.
लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर आवश्यक सावधानी बरतने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है. हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से धोने या उचित तरीके से साफ रखने पर भी जोर दिया गया है. खांसते और छींकते समय मुंह और नाक को ढकने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके.
लक्षण दिखें तो कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि बुखार, खांसी या जुकाम होने का मतलब हर बार H1N1 संक्रमण होना नहीं है. हालांकि, लगातार या गंभीर लक्षण होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के फ्लू जैसे लक्षण महसूस होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज कराएं.
चार नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और संक्रमण को लेकर अनावश्यक डर का माहौल न बनाएं. सावधानी, साफ-सफाई और समय पर चिकित्सकीय सलाह ही संक्रमण से बचाव के सबसे अहम उपाय हैं. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है.
लखनऊ में स्वाइन फ्लू की दस्तक! एक दिन में मिले 4 नए मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट… जारी की एडवाइजरी
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,