खबर शहर , Agra News: आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई, 24 घंटे बाद भी अंधेरे में डूबे गांव – INA

बाह/फतेहाबाद। जिलेभर में बृहस्पतिवार शाम आई आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। तेज हवाओं के कारण बाह के जैतपुर और फतेहाबाद के निबोहरा क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के पोल टूट गए। पेड़ गिरने से बिजली की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। नतीजतन, शुक्रवार को 24 घंटे बाद भी दोनों तहसील क्षेत्राें कई गांव अंधेरे में डूबे रहे।

जैतपुर के पाठकपुरा, देवपुरा, नौगवां, अभयपुरा बिजली घर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को आंधी में 20 खंभे टूटने से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थी। नतीजतन, 24 घंटे से 8 गांवों की बिजली गुल है। प्रभावित ग्रामीणों को पेयजल संकट झेलना पड़ रहा है। अभयपुरा बिजली घर क्षेत्र के तेजसिंह पुरा गांव में बिजली के 8 खंभे टूट कर सड़क पर गिरे थे। खंभे के नीचे दबकर बाह से लौट रहे अंशु की साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी। एक कुत्ते की भी जान चली गई।

ग्रामीणों भारत सिंह, मोहित, लवकुश, रामौतार आदि ने बताया शुक्रवार को दूसरे दिन भी खंभे सड़क पर पड़े रहने से आवागमन प्रभावित है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे। गांव अंधेरे में डूबा है। पीने के पानी के लिए पड़ोस के गांव तक की दौड़ लगानी पड़ रही है। जैतपुर कला के एसडीओ शंभूनाथ ने बताया विभाग की टीमें आंधी में क्षतिग्रस्त हुई लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं। देवपुरा, पाठकपुरा की लाइनें दुरुस्त हो गई हैं।

शनिवार तक अभयपुरा और नौगवां की लाइनें भी दुरुस्त हो जाएंगी। इधर, निबोहरा क्षेत्र के बिलईपुरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों में शुक्रवार को 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली न आने के कारण पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं। ग्रामीण जनरेटर चलाकर पानी की टंकियां भरने के साथ ही मोबाइल फोन चार्ज करने को मजबूर हैं। अधिशासी अभियंता फतेहाबाद शैलेंद्र कटियार ने बताया पोल टूटने के कारण बिलईपुरा विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हुई है। टीम मरम्मत कार्य में लगी हुई है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button