खबर शहर , Agra News: अंत्येष्टि स्थल निर्माण के लिए दिया धरना – INA

फतेहपुर सीकरी। सीकरी दो हिस्सा वार्ड के लाल दरवाजा के सामने स्थित पारंपरिक श्मशान घाट पर अंत्येष्टि स्थल निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार शाम लोग फिर से धरने पर बैठ गए। लोगों ने श्मशान घाट पर टेंट लगाकर रात में भी धरना जारी रखा। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद एक सप्ताह में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लाल दरवाजा के सामने अरावली की पहाड़ियों के समतल स्थल पर सैकड़ों वर्ष से श्मशान घाट है। राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं होने के कारण यहां पक्का निर्माण नहीं हो सका है। वर्षा के दौरान अंतिम संस्कार में लोगों को परेशानी होती है। करीब एक सप्ताह पूर्व भी बड़ी संख्या में लोग धरने पर बैठे थे। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गुड्डू चाहर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी और तहसील किरावली के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया था। प्रशासनिक स्तर पर अनुमति न मिलने से टिनशेड नहीं डाला जा सका। श्मशान घाट के पास निजी स्कूल भी है। स्कूल प्रबंध समिति की ओर से श्मशान घाट को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग भी की जा चुकी है। विवाद की आशंका को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। धरने में मंडल अध्यक्ष विल्सन कुशवाहा, भाजपा नेता राकेश कुशवाहा, पूर्व सभासद शंकर कुशवाहा, प्रेमपाल सत्तों, पूरन, प्रेम सिंह बघेल, सभासद राधेश्याम कुशवाहा, चरण सिंह कुशवाहा, अनुज, कैलाश राम और शिवशंकर लोधी आदि महिला-पुरुष मौजूद रहे। धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा।