खबर शहर , Agra News: जनकपुरी के पांच दिन बाकी, खुले नालों से हादसा हुआ तो कौन होगा जिम्मेदार – INA

आगरा। जनकपुरी महोत्सव में बस पांच दिन का समय बाकी है। 6 अक्तूबर को सीता जी का डोला क्षेत्र में निकलेगा जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे। यहां तस्वीर ऐसी है कि जनक महल और इसके आसपास कावेरी कौस्तुभ रोड पर दोनों ओर नाले खुले पड़े हैं। लाखों की भीड़ 7 से 10 अक्तूबर के बीच जनकपुरी आयोजन में उमड़ेगी। खुले नाले में गिरने से कोई हादसा हुआ तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।
जनकपुरी महोत्सव में नगर निगम ने 12 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराने का दावा किया है। इनमें 2.45 करोड़ रुपये से वार्ड-88 में यथार्थ हॉस्पिटल से बाबरपुर पानी की टंकी और भावना एस्टेट रोड से होली पब्लिक स्कूल तक दोनों ओर नाला ढकने की योजना शामिल की गई थी।
1 सितंबर को टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी लेकिन अब तक नाले ढकने का काम शुरू नहीं हो पाया। नगर निगम के चीफ इंजीनियर अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि नाले ढकने के लिए प्री-कास्ट स्लैब का टेंडर किसी ने डाला ही नहीं है। नियम के तहत तीन ठेकेदार फर्म टेंडर के लिए होनी चाहिए लेकिन केवल एक ही फर्म ने टेंडर डाला। शॉर्ट टर्म टेंडर के जरिये 5 अक्तूबर से पहले नाले ढकने का प्रयास रहेगा।
– जनकपुरी में केवल पांच दिन बचे हैं। भूमि पूजन के बाद से अब तक जनकपुरी क्षेत्र में नाले नहीं ढके गए। लाखों की भीड़ में कोई भी गिरकर हादसे का शिकार हो सकता है। निगम मानसून में हुए नालों के हादसों को देखते हुए जल्द नाले ढकवाए। – संजय गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जनकपुरी महोत्सव
– जनकपुरी में नालों को ढकने के लिए टेंडर नहीं आए हैं। ऐसे में शॉर्ट टर्म टेंडर करके नाले ढकवाए जाएंगे। भीड़ वाले स्थानों पर प्राथमिकता से काम कराया जाएगा। – संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त