खबर शहर , Agra News: फतेहाबाद के जोनेश्वर घाट पर वन विभाग ने चलाया स्वच्छता अभियान – INA

फतेहाबाद। स्वच्छता सेवा पखवाड़े अभियान के तहत वन विभाग की ओर से शुक्रवार को यमुना नदी सहित पर्यावरण की स्वच्छता के लिए स्कूली छात्रों के साथ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी किया गया।

फतेहाबाद क्षेत्र में जोनेश्वर घाट पर यमुना नदी के किनारे स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्कूली छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों के माध्यम से लोगों को जागरूकता का संदेश दिया गया कि हम अपनी नदियों को कैसे स्वच्छ रख सकते हैं और आसपास के पर्यावरण को कैसे शुद्ध बना सकते हैं। लोगों से अपील की गई कि नदियों में ऐसी चीजें न फेंकें जिससे जल दूषित हो और उसमें रहने वाले जलीय जीवों को नुकसान पहुंचे। नदियां हमारी संपत्ति हैं, जिनकी रक्षा हमें स्वयं करनी है।

अभियान के दौरान लोगों को प्रेरित किया गया कि वे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई को रोकें और अपनी आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक मात्रा में पेड़ लगाएं। इस अवसर पर अनेक वनकर्मी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

स्वच्छता सेवा पखवाड़े के तहत जोनेश्वर घाट पर छात्रों के सहयोग से यमुना किनारे सफाई की गई है। लोगों को प्रकृति और जलीय जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया है ताकि आने वाली पीढ़ी को शुद्ध वातावरण मिल सके। – विशाल राठौर, रेंजर, फतेहाबाद


Credit By Amar Ujala

Back to top button