खबर शहर , Agra News: मजदूर की बेटी संध्या ने किया कमाल, अब इंदौर में दिखाएगी कराटे का दम – INA

आगरा। मेहनत और हौसले के दम पर मजदूर परिवार की बेटी संध्या गुनकर ने कराटे में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की 70वीं यूपी राज्य माध्यमिक विद्यालय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने नाम रोशन किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन इंदौर, मध्यप्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ है।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सम्राट अशोक एकेडमी की संध्या गुनकर, नंदिनी और आदित्या ने कराटे कोच हर्ष कल्याण के नेतृत्व में प्रतिभाग किया। संध्या ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि नंदिनी ने कांस्य पदक जीता। संध्या गुनकर के पिता मनोज और मां मंजू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी ने खेल के प्रति लगन और निरंतर मेहनत से यह मुकाम हासिल किया।

संध्या और नंदिनी समेत तीनों खिलाड़ी एकेडमी में निशुल्क प्रशिक्षण लेते हैं। राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने के बाद संध्या की निगाह अब इंदौर में होने वाली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने पर है। दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों का आगरा लौटने पर एकेडमी के पदाधिकारियों और सहयोगियों ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। सीनियर कोच व आर्मी ट्रेनर मास्टर जितेंद्र कल्याण, कराटे कोच हर्ष कल्याण, मुकेश कल्याण, अचल सिंह चंद्रवाकर, लोकेश कुमार, धर्मेंद्र कल्याण, मनीष विजल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

गरीब बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण

सम्राट अशोक हेल्पिंग फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर में सर्व समाज के गरीब बच्चों को पुलिस और सेना की फिजिकल ट्रेनिंग, लिखित परीक्षा की कोचिंग के साथ कराटे, सेल्फ डिफेंस, ताइक्वांडो, स्केटिंग, योग और बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button