खबर शहर , Agra News: पेड़ों की कटाई के इंतजार में अटका आईएमसी में भूमि आवंटन – INA

आगरा। अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जुड़े आगरा के सबसे बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) में भूमि आवंटन फिलहाल अटक गया है। प्रोजेक्ट के रास्ते में आ रहे 555 पेड़ों के कटान के लिए सुप्रीम कोर्ट की अनुमति का इंतजार है, जिस पर 3 सितंबर को सुनवाई होनी है। इसके अलावा करीब 900 पेड़ों को अन्यत्र ट्रांसप्लांट किया जाना है।

शनिवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने रहनकलां पहुंचकर आईएमसी प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इनर रिंग रोड पर 1084 एकड़ में उत्तर प्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीसीडा) यह क्लस्टर विकसित कर रहा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ ले-आउट प्लान पर चर्चा की और 96.88 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सर्विस लेन के फोरलेन चौड़ीकरण, एप्रोच मार्ग, सीवरेज, पानी और सौंदर्यीकरण के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा क्लस्टर

यह मेगा प्रोजेक्ट केंद्र के नेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट एंड इम्प्लीमेंटेशन ट्रस्ट और यूपीसीडा का संयुक्त उपक्रम है। इसे अत्याधुनिक प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। क्लस्टर में पार्क, ग्रीन बेल्ट, पार्किंग, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ विश्वस्तरीय ड्रेनेज सिस्टम बनेगा। ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और दिल्ली-एनसीआर के करीब होने से यह क्लस्टर बेहद अहम है। यहां अलग-अलग आकार के प्लॉट विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय उद्यमियों को व्यापार विस्तार के भरपूर अवसर मिलेंगे। डीएम ने हिदायत दी कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता जीके वार्ष्णेय, उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र कुमार सिंह सहित यूपीसीडा के कई अधिकारी मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button