खबर शहर , Agra News: कॉलेज संचालक के बेटे को गाड़ी में उठा ले गए पुलिसकर्मी – INA

आगरा। ट्रांस यमुना में रहने वाले एक कॉलेज संचालक के बेटे को घर के पास से एसओजी कर्मी बदमाशों की स्टाइल में गाड़ी में उठा ले गए। एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी तो अपहरण का शोर मच गया। परिजन दहशत में आ गए। करीब 1 घंटे बाद कॉलेज संचालक के बेटे ने छलेसर चौकी में होने की जानकारी दी। इस पर परिजन वहां पहुंच गए। बाद में उसे छोड़ दिया गया।
ट्रांस यमुना बी ब्लॉक निवासी महेंद्र कुमार का एत्मादपुर के छलेसर में डिग्री कॉलेज है। बृहस्पतिवार रात 10:30 बजे उनका बेटा पुष्पेंद्र स्कूटर से घर लौट रहा था। घर के पास ही बोलेरो सवार कुछ लोगों ने उसे रोका और गाड़ी में खींच लिया। इसके बाद हाईवे पर चले गए। कॉलेज संचालक का पड़ोसी सत्या वहां खड़ा हुआ था। उसने 112 नंबर पर कॉल कर अपहरण की सूचना दे दी। पुलिस ने पुष्पेंद्र के मोबाइल पर कॉल किया लेकिन कुछ देर बाद बंद हो गया। लोकेशन एत्मादपुर क्षेत्र की आई। एक घंटे बाद पुष्पेंद्र ने अपने पिता को खुद बताया कि उसे पुलिस ने उठाया था और छलेसर चौकी पर ले आई है।
उधर, डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह का कहना है कि बुधवार शाम को एक शराब के ठेके फायरिंग की घटना हुई थी। रहनकलां निवासी वीरेंद्र घायल हुआ। आरोपी पूरन भाग गया है। काॅल डिटेल के आधार पर पुलिस पुष्पेंद्र को पूरन के बारे में पूछताछ के लिए लेकर आई थी। पूछताछ के बाद कॉलेज संचालक के बेटे को छोड़ दिया गया है। इसका जीडी में तस्कर भी डाला गया है।
बॉक्स
कार रोककर युवक पर हमला
आगरा। शहीद नगर निवासी सम्राट सिंह बृहस्पतिवार रात को मित्र के साथ कार से घर लौट रहे थे। शंकर ग्रीन के सामने तीन बाइक पर सवार छह युवकों ने कार रोक ली। ईंट-पत्थर फेंकने लगे। कार क्षतिग्रस्त कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों के आने पर धमकी देकर भाग गए। ब्यूरो