आगरा। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा 9 अगस्त रविवार को 26 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 11,808 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बृहस्पतिवार को एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक की। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में होगी। परीक्षा की कड़ी निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 26 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया अभी चल रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर दो महिला और तीन पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके लिए डीसीपी सिटी को पत्र भेजा जा चुका है। एडीएम सिटी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली, पर्याप्त रोशनी, बैठने की उचित व्यवस्था और साफ-सफाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए। आयोग के मानकों का शत-प्रतिशत पालन होना चाहिए।