खबर शहर , Agra News: एसी कोच में महिलाओं के सामान चुराने वाले दो युवक गिरफ्तार – INA

आगरा। जीआरपी आगरा कैंट ने ट्रेनों में यात्रियों, खासकर महिलाओं के सामान पर हाथ साफ करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 14.50 लाख रुपये के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद, दो अमेरिकी डॉलर और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामद सामान आगरा कैंट जीआरपी में दर्ज तीन चोरी के मामलों से जुड़ा है।


सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अबरार और शोएब मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के निवासी हैं। उन्हें सोमवार को कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 पर पकड़ा गया। अबरार इस गिरोह का सरगना है, वह क्रिकेट खिलाड़ी भी है। वह वर्ष 2012 से चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है। वह दक्षिण भारत से आने वाली ट्रेनों के वातानुकूलित डिब्बों में महिलाओं के सामान को निशाना बनाता था।

पूछताछ में सामने आया कि उसने ज्यादातर वारदात महिलाओं के सामान चुराकर की है। अबरार पर भोपाल और ग्वालियर जीआरपी समेत 15 मामले दर्ज हैं। शोएब पर आगरा कैंट जीआरपी में एक मामला है। पुलिस ने इन पर तीन प्रमुख चोरी के मामलों का खुलासा किया है। 21 अगस्त को तेलंगाना एक्सप्रेस में फरियाद हुसैन की पत्नी और बहू का पर्स चोरी हुआ था। एक अन्य मामले में मऊ की पल्लवी सिंह का भी पर्स चुराया गया था। 1 अप्रैल को अप्रवासी भारतीय सुनीता शर्मा का पर्स चोरी हुआ था, जिसमें दो अमेरिकी डॉलर और जेवरात थे। पुलिस अधीक्षक रेलवे ने आगरा टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।


Credit By Amar Ujala

Back to top button