खबर शहर , Agra News: सड़क पर नहीं दौड़ सकेंगे 50 से अधिक चालान वाले वाहन – INA

आगरा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में की गई। 50 से अधिक चालान वाले वाहनों को काली सूची में डालने का निर्देश दिया गया। नो-हेलमेट, नो फ्यूल अभियान का सख्ती से पालन किया जाएगा।

डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया है कि परिवहन विभाग, पुलिस एवं जिला प्रशासन के समन्वय से उक्त व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू कराना सुनिश्चित करें। आरटीओ अधिकारियों को काली सूची (ब्लैक लिस्टेड) वाहनों का पंजीयन निरस्त करने का निर्देश दिए। इसके साथ परिवहन अधिकारियों को आईटीएमएस कैमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और नगर निगम अधिकारियों को पांच सड़कों का 15 दिन में सुधार कराने को कहा। ब्लैक स्पॉट, अतिक्रमण और जाम की समस्या का समाधान किया जाएगा। बढ़ती दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आलोक अग्रवाल, सहायक पुलिस आयुक्त अलका सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

स्कूली वाहनों पर करें कार्रवाई

स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान के बाद भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि जिन स्कूली वाहनों की फिटनेस और परमिट समाप्त हो चुका है, इन वाहनों का संचालन करने वालों को नोटिस जारी करें। इस कार्य के लिए एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button