खबर शहर , यूपी: राज्यपाल के दौरे पर आगरा की रफ्तार थमी, घंटों जाम में फंसी एंबुलेंस और स्कूली बसें; जनता रही परेशान – INA

राज्यपाल के आगरा दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर की गई कड़ी सख्त नाकेबंदी आम जनता के लिए भारी मुसीबत बन गई। शहर के प्रमुख मार्गों पर घंटों ट्रैफिक रोके जाने के कारण वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
वीआईपी मूवमेंट के चलते सिकंदरा बोदला रोड, नेशनल हाइवे, खंडारी मार्ग जैसे व्यस्त इलाकों में गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें एम्बुलेंस, स्कूली बसें और दफ्तर के लिए निकले कामकाजी लोग घंटों फंसे रहे।
भीषण गर्मी और लंबे इंतजार के कारण लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। कई यात्रियों ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है, लेकिन इसके लिए आम नागरिक की दैनिक आवाजाही को पूरी तरह ठप कर देना उचित नहीं है।
हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का कहना था कि महामहिम की सुरक्षा और सुगम मार्ग व्यवस्था के लिए अस्थायी रूप से यातायात डायवर्ट किया गया था। राज्यपाल का काफिला गुजरने के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया, लेकिन इसके असर से शहर की रफ्तार कई घंटों तक प्रभावित रही।